उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल से नौकरी मांगने पहुंचा बेरोजगार, पूछने लगे- 'क्या नशा में हो?' बोला- 'हां, पौवा पिया है'
श्रीनगर गढ़वाल में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सरकारी नौकरी मांगने आए एक व्यक्ति से नशे के बारे में पूछा, जिस पर उसने शराब पीने की बात स्वीकार की।

मंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में नशा करने के बारे में पूछा। File Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल । सरकारी नौकरी की मांग लेकर पहुंचे एक व्यक्ति से कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने ऐसा सवाल पूछ लिया कि बातचीत का रुख ही बदल गया।
श्रीनगर दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों से मुलाकात कर रहे मंत्री के सामने करीब 45 वर्षीय व्यक्ति ने श्रीनगर मेडिकल कालेज में सरकारी नौकरी दिलाने की मांग रखी। बातचीत के दौरान व्यक्ति के हाव-भाव देखकर मंत्री ने उससे पूछ लिया, तुमने कोई नशा तो नहीं किया है?
मेडिकल कालेज में नियुक्ति की मांग करने लगा व्यक्ति
दरअसल, मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात के दौरान मेडिकल कालेज के संविदा कर्मियों समेत अन्य लोग अपनी समस्याएं रख रहे थे। इसी बीच उक्त व्यक्ति भी वहां पहुंचा और मेडिकल कालेज में नियुक्ति की मांग करने लगा। मंत्री ने उससे पूछा कि वह संविदा कर्मी है या किसी अन्य पद पर कार्यरत है।
बातचीत के दौरान व्यक्ति के व्यवहार पर संदेह होने पर मंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में नशा करने के बारे में पूछा। पहले व्यक्ति ने नशा करने से इनकार किया। इसके बाद जब मंत्री ने स्पष्ट किया कि वह सरकारी नौकरी दिलाने में सक्षम नहीं हैं, तो व्यक्ति किसी भी पद पर नियुक्ति दिलाने की मांग पर अड़ गया।
मंत्री ने फिर पूछा कि पहले यह बताओ कि नशा तो नहीं किया है। इस पर व्यक्ति ने एक क्वार्टर शराब पीने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद मंत्री दोस्ताना अंदाज में व्यक्ति को समझाते नजर आए। बाद में अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसे वहां से बाहर पहुंचाया।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में सुबोध उनियाल ने कहा कि आगामी गैरसैंण विधानसभा सत्र में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। बीते सत्र में जिन विषयों पर चर्चा नहीं हुई उन पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों के आतंक से निपटने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसके साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।