Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Weather Update: ठिठुराने वाली ठंड लेकर आएगा नए साल का पहला पश्चिमी विक्षोभ, मिलेगी बारिश और बर्फबारी की सौगात

    Updated: Thu, 02 Jan 2025 04:59 PM (IST)

    Weather Update उत्तराखंड में नए साल के पहले हफ्ते में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। शीतकाल का पहला पश्चिमी विक्षोभ पांच व छह जनवरी को उत्तराखंड में ...और पढ़ें

    Weather Update: मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। जागरण
    Weather Update: मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। जागरण

    HighLights

    1. उत्तराखंड के ऊंचे जिलों में छह व सात जनवरी को छिटपुट वर्षा की संभावना
    2. ऊंचे क्षेत्रों में बर्फ गिरने से हवा होगी सर्द, मैदान में फिलहाल कोहरे से राहत नहीं

    जागरण संवाददाता, चंपावत। Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से नव वर्ष के पहले सप्ताह उत्तराखंड को वर्षा व हिमपात की सौगात मिल सकती है। छह व सात जनवरी के बीच मौसम में बदलाव की संभावना है।

    वर्ष का पहला पश्चिमी विक्षोभ मजबूत रहने की स्थिति में पर्वतीय क्षेत्रों में छिटपुट वर्षा व ऊंची चोटियों पर हिमपात होने से ठंड का एक और दौर झेलना पड़ सकता है। बीते दिसंबर में चार पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय में पहुंचे थे। चारों बार उच्च हिमालय में हिमपात देखने को मिला। दिसंबर पहले व अंतिम सप्ताह प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा व तीन 2800 मीटर से ऊंचाई वाले स्थानों पर अच्छा हिमपात हुआ। जनवरी से शीतकाल शुरू हो गया है।

    इस दिन प्रभावी होगा साल का पहला पश्चिमी विक्षोभ

    शीतकाल का पहला पश्चिमी विक्षोभ पांच व छह जनवरी को उत्तराखंड में प्रभावी हो सकता है। इसके प्रभाव से कुमाऊं के पिथौरागढ़, बागेश्वर व गढ़वाल के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून में छह जनवरी को कुछ जगह छिटपुट वर्षा हो सकती है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर कहीं कहीं हिमपात होने की संभावना है।

    वर्षा व हिमपात के बाद तापमान में गिरावट आएगी। इसकी वजह से सात जनवरी को वर्षा का दायरा घटने के बाद भी 2500 मीटर से ऊंचे क्षेत्रों में बर्फ गिर सकती है। फिलहाल देहरादून, पौड़ी, नैनीताल के मैदानी क्षेत्र व हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। मौसम में बदलाव के बाद हवा की दिशा बदलने व गति बढ़ने से कोहरा छंटने में मदद मिलेगी।

    गुरुवार को आंशिक बादल के बीच धूप 

    कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्र में गुरुवार को आंशिक बादलों के बीच धूप खिली रही। चंपावत का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री व न्यूनतम 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा। कोहरे की वजह से धूप नहीं निकलने से मैदानी क्षेत्र में दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक नीचे पहुंच गया है। पंतनगर का अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री व न्यूनतम 10.6 डिग्री रहा। पिथौरागढ़ में दिन का तापमान 22.6 व रात का 7.0 डिग्री रहा।

    खबरें और भी

    अगले दिन तीन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। छह जनवरी के आसपास नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय में पहुंचेगा। इसके अभाव से छह व सात जनवरी को उत्तराखंड के ऊंचाई वाले जिलों में मौसम में थोड़ी बहुत गतिविधि देखने को मिल सकती है। हवा बदलने से तापमान में दो से चार डिग्री की कमी आएगी।  - बिक्रम सिंह, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून

    अंगीठी की गैस लगने से एक नेपाली मजदूर की मौत, दो बेहोश

    लोहाघाट : नगर से लगे कोलीढेक में अंगीठी की गैस लगने से एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर बेहोश हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चंपावत मोर्चरी में रख दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपा जाएगा। बुधवार की रात तीन नेपाली मजदूर अपने कमरे में अंगीठी में कोयला जलाकर खिड़की व दरवाजा बंदकर सो गए।

    रात के समय गैस लगने से तीनों बेहोश हो गए। सुबह के समय दो मजदूरों को होश आया और एक बेहोश पड़ा रहा। काफी जगाने के बाद भी वह नहीं उठा तो दोनों मजदूरों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे जुकरिया ने गैस लगने से बेहोश मजदूर 40 वर्षीय लक्ष्मण भट्ट निवासी महेन्द्र नगर को उपजिला अस्पताल पहुंचाया।

    डा. विराज राठी और अन्य स्टाफ ने करीब तीन घंटे तक मजदूर का उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान मजदूर की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के स्वजन को दे दी है, जो शुक्रवार तक यहां पहुंचेंगे। स्वजन की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे सौंपा जाएगा।