पिथौरागढ़ में भारी बारिश के बीच डीएम ने परखी आपदा तैयारी, दिए कड़े निर्देश
पिथौरागढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के मद्देनजर डीएम आशीष भटगांई ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का निरीक्षण किया।
HighLights
डीएम ने पिथौरागढ़ आपदा कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
बारिश के हालात, नदी-नालों के जलस्तर का जायजा लिया।
आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सोमवार को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का निरीक्षण किया।
उन्होंने जिले भर में बारिश के हालात,नदी-नालों के जलस्तर और बंद सड़क मार्गों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने कंट्रोल रूम से सभी तहसीलों में फोन कर वस्तुस्थिति जानी और पूरे आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील और जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। जलस्तर बढ़ने या किसी असामान्य स्थिति में तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किए जाएं।
बारिश से सड़क बंद होने की सूचना पर संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू करें, इसके लिए आवश्यक मशीनरी मुस्तैद रखी जाए। डीएम ने आम जनता से भी अपील की है कि वे बारिश के दौरान सतर्क रहें।
नदी-नालों के समीप न जाएं और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 8218857220, 8449305857 व 05964-226326 पर सूचना दें। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल व जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर उपस्थित रहे।
