विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड: चीन सीमा के पास मिले 2 नए ट्रेकिंग मार्ग, हजारों मी. ऊंचाई पर पहुंचेंगे बर्फ के दीवाने

Published: Tue, 10 Nov 2026 10:08 PM (IST)Updated: Tue, 10 Nov 2026 10:14 PM (IST)

उत्तराखंड के जोहार घाटी में 5300 मीटर की ऊंचाई पर लास्पा से शालंग घाटी तक नए ट्रेकिंग मार्ग की संभावना तलाशी जा रही है।

यह पहल साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और सीमांत गांवों में रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए की जा रही है।

यह पहल साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और सीमांत गांवों में रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए की जा रही है।

HighLights

  1. लास्पा से शालंग घाटी तक नए ट्रेकिंग मार्ग की खोज।

  2. 5300 मीटर की ऊंचाई पर साहसिक पर्यटन को बढ़ावा।

  3. सीमांत गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

ओपी अवस्थी , जागरण, पिथौरागढ़। जिले की चीन सीमा से लगे उच्च हिमालयी व्यास घाटी में आदि कैलास और ओम पर्वत के बाद अब जोहार घाटी में भी हरदेवल के दर्शन की भी आस जग चुकी है। यहां पर आदि कैलास की तरह ही हरदेवल ताल तक पहुंचना जल्दी संभव होने वाला है।

हरदेवल ताल का नजारा कुछ इस तरह है कि इसमें के विभिन्न हिमाच्छादित पर्वत चोटियों के प्रतिबिंब एक साथ देखने को मिलेगे । जहां पर सदियों से मुनस्यारी के साईपोलू सहित आसपास के गांव के हरदेवल देवता की पूजा करते आ रहे हैँ।

उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को नई पहचान देने और उच्च हिमालय के कम खोजे गए क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र पर लाने की दिशा में पर्यटन विभाग ने एक और महत्वपूर्ण पहल आरंभ की है। उत्तराखंड पर्यटन विभाग की पहल पर सीमांत जोहार घाटी में स्थित लास्पा गांव से शालंग घाटी को जोड़ने के लिए मंगलवार से रैकी एवं अन्वेषण अभियान शुरू किया जा रहा है।

इस अभियान में कॉसमॉस ट्रेक की 9 सदस्यीय टीम, अनुभवी पर्वतारोही एवं अभियान दल के नेता सुरेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में लास्पा से शालंग घाटी तक एक नए उच्च हिमालयी ट्रेकिंग मार्ग की संभावनाओं का अध्ययन कर रही है।

प्रस्तावित ट्रेक की अधिकतम ऊंचाई लगभग 5,300 मीटर है। इस दौरान दल को बर्फीली ढलानों, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों तथा उच्च हिमालयी दर्रे को पार करते हुए शालंग घाटी तक पहुंचने की संभावनाओं का पता लगाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य दोनों घाटियों को जोड़ने वाले सुरक्षित और व्यावहारिक ट्रेकिंग मार्ग की पहचान करना है।

अभियान के दौरान मार्ग की भौगोलिक स्थिति, बर्फ की परिस्थितियों, संभावित कैंपिंग स्थलों, जलस्रोतों, ऊंचाई तथा सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का विस्तृत अध्ययन करेगी ।

हरदेवल कुंड और पोटिंग ग्लेशियर ट्रेक की हो चुकी है सर्वे

उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश के अनछुए एवं कम प्रचलित हिमालयी क्षेत्रों में नए ट्रेकिंग मार्गों की खोज को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी पहल के अंतर्गत हाल ही में 20 से 25 अक्टूबर 2026 के बीच कॉसमॉस ट्रेक की आठ सदस्यीय टीम ने हरदेवल कुंड एवं पोटिंग ग्लेशियर क्षेत्र में रैकी एवं अन्वेषण अभियान किया था।

सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और रोजगार की नई संभावनाएं

अभियान दल के नेता सुरेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि जोहार घाटी में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि लास्पा से शालंग घाटी तक सुरक्षित एवं व्यावहारिक मार्ग की पहचान हो जाती है, तो भविष्य में यह क्षेत्र उच्च हिमालयी ट्रेकिंग के एक नए सर्किट के रूप में विकसित होगा। सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं, पर्वतीय गाइडों, पोर्टरों और अन्य पर्यटन व्यवसायों से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

जीपीएस आधारित रूट होगा

अभियान पूरा होने के बाद टीम द्वारा प्रस्तावित मार्ग का जीपीएस आधारित रूट मैप, ऊंचाई संबंधी विवरण, संभावित कैंपिंग स्थलों, मार्ग की कठिनाइयों और सुरक्षा संबंधी सुझावों सहित विस्तृत रिपोर्ट उत्तराखंड पर्यटन विभाग को प्रस्तुत की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।