Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम, पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

    Updated: Sat, 02 May 2026 06:04 PM (GMT+05:30)

    केदारनाथ धाम यात्रा के चरम पर होने और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। ...और पढ़ें

    केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के सामान की जांच करता बम निरोधक दस्ता। पुलिस

    केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के सामान की जांच करता बम निरोधक दस्ता। पुलिस 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा अपने चरम पर है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

    यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कानून व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक और सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

    धाम में अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ बम निरोधक दस्ते भी तैनात किए गए हैं, जिससे किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

    पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर के निर्देशन में यात्रा मार्ग से लेकर मुख्य मंदिर परिसर तक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।

    सुरक्षा तैयारियों को पुख्ता करने के लिए धाम के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में बम डिस्पोजल स्क्वाड और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से एंटी-सबोटाज विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

    इस अभियान के तहत मंदिर के प्रवेश द्वारों, विश्राम स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अत्याधुनिक मेटल डिटेक्टर और अन्य उपकरणों की सहायता से गहन जांच की गई।

    सिर्फ भौतिक जांच ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक का भी भरपूर उपयोग किया जा रहा है। धाम क्षेत्र में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन के माध्यम से भीड़भाड़ वाले इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

    इसका उद्देश्य यात्रा को निर्बाध, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखना है, साथ ही किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

    रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच के दौरान सहयोग करें और नियमों का पालन करें।

    यदि किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस चौकी या ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को दें।

    प्रशासन के इन प्रयासों से श्रद्धालुओं को न केवल सुरक्षित वातावरण मिल रहा है, बल्कि दर्शन व्यवस्था भी पहले से अधिक सुगम और व्यवस्थित हो रही है।

    यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम में VIP दर्शन को लेकर बवाल, तीर्थपुरोहितों ने की नारेबाजी

    यह भी पढ़ें- केदारनाथ में श्रद्धालुओं को राहत: बर्फीली ठंड और ऑक्सीजन की कमी से बचाएगा योग