चीरबासा में पहाड़ी से मलबा-पत्थर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग दो घंटे रहा अवरुद्ध
केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा में मलबा और पत्थर आने से रास्ता दो घंटे के लिए अवरुद्ध हो गया, जिससे यात्रियों को गौरीकुंड में रोकना पड़ा।
HighLights
चीरबासा में मलबा गिरने से केदारनाथ मार्ग अवरुद्ध हुआ
यात्रियों को सुरक्षा हेतु गौरीकुंड में रोका गया है
मार्ग खोलने के लिए बचाव कार्य जारी है
जागरण संवाददाता, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान शनिवार को चीरबासा में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया। सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन ने यात्रियों को गौरीकुंड में रोक दिया।
इससे यात्रा मार्ग पर कुछ समय तक आवाजाही प्रभावित रही। लगभग दो से ढाई घंटे बाद मार्ग सुचारू होने पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी में यात्रियों को सुरक्षित तरीके से एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचाया गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग के अनुसार, शनिवार सुबह 7:22 बजे सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड ने चीरबासा में मलबा-पत्थर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग बाधित होने की सूचना दी।
इसके बाद जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित विभागों को तत्काल अवगत कराया। लोक निर्माण विभाग, गुप्तकाशी के अधिशासी अभियंता सुनील. रावत ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए मजदूरों को लगाया गया है।
इस दौरान पुलिस बल और रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मार्ग खुलने तक उन्हें आगे बढ़ने से रोके रखा। मार्ग सुचारू होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच आवाजाही बहाल की गई।
पहाड़ी से मलबा-पत्थर गिरने की घटनाओं के मद्देनजर यात्रियों से अपील है कि वे प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें तथा जोखिम वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रुकें।
यह भी पढ़ें- चारधाम यात्री भरेंगे फर्राटा... रुद्रप्रयाग बाईपास प्रोजेक्ट पूरा, केदारनाथ और बदरीनाथ के बीच नहीं मिलेगा जाम
यह भी पढ़ें- रुद्रप्रयाग: केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रैकर्स लापता, खराब मौसम से हवाई सर्च रुकी