केदारनाथ धाम में उमड़ी भक्तों की रिकॉर्ड भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, 20 दिनों में 4.65 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। ...और पढ़ें
HighLights
20 दिनों में 4.65 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके
शाम की आरती में मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा
प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पिछले दो दिनों से धाम में भक्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
विशेष रूप से शाम की आरती के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर जा रहा है और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय हो उठता है।
चारधाम यात्रा के तहत बाबा केदार के दर्शनों को देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 20 दिनों में 4 लाख 65 हजार से अधिक तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पैदल, घोड़े-खच्चरों और हेली सेवा के माध्यम से धाम पहुंच रहे हैं। शाम की आरती के समय मंदिर परिसर में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। श्रद्धालु घंटों लाइन में लगकर बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं।
धाम में सुबह से देर रात तक भक्तों की आवाजाही बनी हुई है। यात्रा मार्ग गौरीकुंड, लिनचोली, भीमबली और बेस कैंप में भी यात्रियों की चहल-पहल लगातार बढ़ रही है।
प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और मंदिर समिति की ओर से यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा, पेयजल और रात्रि विश्राम की व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
श्रद्धालुओं में बाबा केदार के दर्शनों को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा सीजन के शुरुआती दौर में ही रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों में भी खुशी का माहौल है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड उत्साह, 16 हजार से अधिक ने की हेली सेवा से दर्शन
यह भी पढ़ें- केदारनाथ में स्वास्थ्य सेवा की बड़ी सौगात, सीएम धामी ने किया 40 बेड अस्पताल का लोकार्पण