विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केदारनाथ यात्रा ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 19 लाख भक्तों ने किए दर्शन; कारोबारियों की कमाई ₹250 करोड़ पार

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:35 PM (IST)

इस साल केदारनाथ यात्रा ने रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित किया, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को 250 करोड़ रुपये से अधिक का बड़ा बढ़ावा मिला।

घोड़ा-खच्चर, हेली सेवा और डंडी-कंडी जैसे परिवहन माध्यमों से छोटे कारोबारियों को खूब लाभ हुआ और 19 लाख से अधिक भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन किए।

घोड़ा-खच्चर, हेली सेवा और डंडी-कंडी जैसे परिवहन माध्यमों से छोटे कारोबारियों को खूब लाभ हुआ और 19 लाख से अधिक भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन किए।

HighLights

  1. यात्रा से स्थानीय अर्थव्यवस्था को 250 करोड़ से अधिक का लाभ।

  2. इस वर्ष 19 लाख 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

  3. घोड़ा-खच्चर, हेली सेवा से कारोबारियों की आय में वृद्धि।

बृजेश भट्ट, जागरण, रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ में इस बार भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। कोई पैदल, कोई घोड़े से तो कोई हेलीकाप्टर से भगवान शिव के दर पर पहुंचा। विषम भौगालिक परिस्थिति और प्रतिकूल मौसम में भी आस्था अडिग रही। यही कारण रहा कि इस बार केदारनाथ यात्रा न केवल धार्मिक दृष्टि से, अपितु आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से भी खास रही। बाबा की कृपा भक्तों के साथ ही छोटे कारोबारियों पर भी खूब बरसी।

छोटे व्यापारियों से लेकर घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी, हेली सेवा और शटल सेवा से जुड़े कारोबारियों की आय में खूब इजाफा हुआ। इन प्रमुख परिवहन सेवाओं के जरिये इस बार 250 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है। जिला पंचायत को भी करोड़ों रुपये की आय अर्जित हुई है। धाम के कपाट बुधवार को बंद हो रहे हैं। 205 दिन तक चली इस बार की यात्रा में अब 19 लाख 22 हजार से अधिक यात्री दर्शन को पहुंच चुके हैं। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब डेढ़ लाख से अधिक है।

इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए थे। पहले ही दिन 25 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। शुरुआती दिनों में यात्रा ने तेजी पकड़ी और करीब डेढ़ माह तक प्रतिदिन औसतन 20 से 25 हजार श्रद्धालु बाबा के दर्शन को पहुंचते रहे। हालांकि, वर्षा के दौरान प्राकृतिक आपदाओं के चलते कई दिन यात्रा स्थगित रही, लेकिन अक्टूबर में एक बार फिर श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी आई। इस दौरान प्रतिदिन करीब आठ हजार श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे।

यात्रियों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, परिवहन कारोबारियों और तीर्थाटन से जुड़े अन्य व्यवसायों को भी लाभ मिला है।

 

चार वर्ष में यात्रियों की संख्या

वर्ष यात्री
2023 19,57,850
2024 16,52,076
2025 17,68,795
2026 19,22,138 (अब तक)

घोड़ा-खच्चर : एक अरब से अधिक का कारोबार

इस वर्ष जिला पंचायत ने पशुपालन विभाग के सहयोग से करीब आठ हजार घोड़े-खच्चरों का पंजीकरण कर लाइसेंस जारी किए थे। इनके माध्यम से चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। घोड़ा-खच्चर व्यवसाय से इस वर्ष करीब एक अरब करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।

डंडी-कंडी: 46.32 करोड़ का कारोबार

केदारनाथ यात्रा में डंडी-कंडी और पालकी सेवा से भी अच्छा कारोबार हुआ। जिला पंचायत ने इस वर्ष नौ हजार से अधिक डंडी-कंडी का पंजीकरण कर लाइसेंस जारी किए थे। इनके माध्यम से 34 हजार श्रद्धालु कंडी और 40 हजार श्रद्धालु डंडी व पालकी से केदारनाथ पहुंचे। इससे 46.32 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। जिला पंचायत को व्यवस्था शुल्क, चालान, लाइसेंस शुल्क और टोकन शुल्क के माध्यम से 3.44 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।

हेली सेवा: एक अरब का कारोबार

केदारनाथ के लिए इस वर्ष आठ स्थानों से हेली सेवाओं का संचालन किया गया। गुप्तकाशी, फाटा और शेरसी से विभिन्न हेली कंपनियों ने श्रद्धालुओं को सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस वर्ष 12,490 शटल में एक लाख 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हेली सेवा से बाबा केदार के दर्शन किए। इससे करीब एक अरब का कारोबार हुआ।

शटल सेवा:15 करोड़ की कमाई

सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच संचालित शटल सेवा से भी करीब 15 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। गौरीकुंड में पार्किंग की सीमित व्यवस्था के चलते प्रशासन की ओर से सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच शटल सेवा संचालित की जाती है। इस वर्ष परिवहन विभाग ने शटल सेवा के लिए 200 से अधिक वाहनों का पंजीकरण किया था।

बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि केदारनाथ यात्रा में इस वर्ष रिकार्ड तीर्थ यात्री दर्शनों को आए। आने वाले साल में केदारनाथ यात्रा को और दिव्य और भव्य रूप दिया जाएगा।

  

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।