उत्तराखंड के टिहरी में गुलदार का आतंक, छत पर पढ़ रही 7 साल की बच्ची और सो रही महिला पर किया हमला
टिहरी के सौड़ उप्पू गांव में गुलदार ने छत पर पढ़ रही सात साल की बच्ची और सो रही महिला पर हमला कर घायल कर दिया। ...और पढ़ें

गुलदार के हमले में घायल सात वर्षीय बच्ची और महिला।
HighLights
टिहरी में गुलदार ने दो लोगों को किया घायल
छत पर पढ़ रही बच्ची, सो रही महिला पर हमला
वन विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। टिहरी जनपद के विकासखंड थौलधार अंतर्गत ग्राम सौड़ उप्पू क्षेत्र में गुलदार के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में दहशत और भारी आक्रोश है।
सोमवार देर रात गुलदार ने अलग-अलग घटनाओं में एक सात वर्षीय बच्ची और एक महिला को हमला कर घायल कर दिया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है।
सीढ़ियों से छत पर पहुंचा गुलदार
पहली घटना सोमवार रात करीब पौने नौ बजे की है। ग्राम सौड़ उप्पू निवासी रमेश राणा की सात वर्षीय पुत्री तानवी अपने दो मंजिला मकान की छत पर बैठकर पढ़ाई कर रही थी।
इसी बीच गुलदार सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंच गया और मासूम पर झपट पड़ा। बच्ची के शोर मचाने और परिजनों के दौड़ने पर गुलदार वहां से भाग खड़ा हुआ। परिजनों ने लहूलुहान तानवी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।

रात डेढ़ बजे फिर हमला
दूसरी घटना इसी रात करीब डेढ़ बजे गुलदार ने उप्पू तल्ला निवासी सुषमा देवी (38) पत्नी रमेश दास पर हमला कर दिया।
सुषमा देवी अपने बच्चों के साथ मकान की छत पर सो रही थीं, तभी गुलदार ने उन पर हमला कर सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उनके सिर पर टांके लगाए हैं।
वन विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। ग्राम प्रधान विकास सिंह ने इस संबंध में जिला प्रशासन और वन विभाग को पहले ही लिखित रूप से सचेत किया था, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण ही आज यह नौबत आई है। गुलदार के डर से लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
उत्तराखंड किसान सभा के संयुक्त सचिव भगवान सिंह राणा ने अस्पताल का दौरा किया और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी टिहरी पुनीत तोमर से फोन पर वार्ता कर क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की।
थौलधार क्षेत्र में हुई घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रभावित क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है।
- पुनीत तोमर, प्रभागीय वनाधिकारी, टिहरी
यह भी पढ़ें- भैंस बनी 'होस्ट' और गुलदार बना 'गेस्ट', उत्तराखंड के चंपावत के गांव में दिखा अनोखा नजारा
यह भी पढ़ें- घायल गुलदार ने पकड़ने पहुंची टीम पर किया हमला, वन विभाग का एक कर्मचारी घायल; दहशत में मची भगदड़
