Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    टिहरी: सांसद चंद्रशेखर आजाद ने केतन लाल के परिवार से की मुलाकात, न्याय का दिया भरोसा

    Updated: Tue, 30 Jun 2026 08:36 PM (IST)

    तीन दिन की जद्दोजहद के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद ने टिहरी के देवल गांव में मृतक केतन लाल के परिवार से मुलाकात की। ...और पढ़ें

    प्रतापनगर के देवलगांव पहुंचकर मृतक केतन के स्वजनों से मुलाकात व बातचीत करते सांसद चंद्रशेखर आजाद। सुधि पाठक

    प्रतापनगर के देवलगांव पहुंचकर मृतक केतन के स्वजनों से मुलाकात व बातचीत करते सांसद चंद्रशेखर आजाद। सुधि पाठक

    HighLights

    1. सांसद चंद्रशेखर आजाद ने केतन लाल के परिवार से मुलाकात की

    2. पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए काफी प्रयास किए

    3. पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया

    जागरण संवाददाता, नई टिहरी। तीन दिन की जद्दोजहद के बाद आखिरकार उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के अंतर्गत नगीना लोकसभा सीट से सांसद, भीम आर्मी के संस्थापक और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की मृतक चेतन लाल के स्वजन से मुलाकात हो गई।

    पुलिस ने टिहरी की सीमा में प्रवेश करते ही उन्हें ऋषिकेश-चंबा हाईवे पर भद्रकाली तिराहे और नरेंद्रनगर चुंगी बाईपास में रोकने की पूरी कोशिश की। चंद्रशेखर अपने काफिले के साथ जाना चाहते थे। जिसके लिए पुलिस तैयार नहीं थी।

    पुलिस सीमित संख्या में पीड़ितों से मिलने पर अड़ी रही। नरेंद्रनगर में पुलिस से तीखी नोक-झोंक होने के बाद वह हिंडोलाखाल तक करीब तीन किमी तक भारी बारिश में पैदल चलकर पहुंचे। बाद में पुलिस ने दो वाहनों की अनुमति दी।

    जिसके बाद चंद्रशेखर देवल गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक केतन लाल के माता-पिता से लेकर स्वजन से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कहा कि वह हमेशा पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।

    mp chandrashekhar azad reach tehri

    भीम आर्मी के चीफ व सांसद चंद्रशेखर आजाद का 28 जून को प्रतापनगर के देवल गांव में मृतक केतन लाल के स्वजन से मुलाकात का कार्यक्रम तय था। लेकिन पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने उन्हें हरिद्वार में रोककर 30 जून को पीड़ित परिवार से मुलाकात करवाने का भरोसा दिया था।

    मंगलवार को भी चंद्रशेखर को पहले हरिद्वार और उसके बाद टिहरी जिले के भद्रकाली तिराहे व नरेंद्रनगर में चुंगी बाईपास पर रोकने का पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किया था।

    पुलिस का कहना था कि सीमित संख्या में वह पीड़ित परिवार से मिलने जाएं। लेकिन चंद्रशेखर पांच गाड़ियों के साथ जाना चाहते थे। जिसको लेकर पुलिस प्रशासन और चंद्रशेखर के बीच जमकर नोक-झोंक हुई।

    जिससे नाराज होकर चंद्रशेखर करीब तीन किमी हिंडोलाखाल तक तेज बारिश के बीच पैदल पहुंचे। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह के मान मनोबल के बाद सांसद दो गाड़ियों के साथ पुलिस सुरक्षा में प्रतापनगर के देवल गांव पहुंचे।

    खबरें और भी

    चंद्रशेखर ने मृतक केतन के स्वजन के बीच पहुंचकर उन्हें गले लगाया। मृतक केतन लाल के पिता धनपाल लाल, माता रुकमा देवी, बहनें व दादा-दादी फफक-फफक कर रो पड़े। पूरी घटना की आपबीती सुनने पर चंद्रशेखर आजाद अपने आंसू नहीं रोक पाए।

    चंद्रशेखर ने स्वजन को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। आरोपितों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि जिस निर्ममता और क्रूरता से केतन को मौत के घाट उतारा गया, वह बहुत की निंदनीय है। यह घटना ने क्रूरता की सारी हदें पार की है। इस तरह की घटनाएं समाज को बांटने का काम करती है।

    उन्होंने घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों से भी बंद कमरे में बातचीत कर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।

    उन्होंने कहा कि जाति-धर्म देखकर कार्रवाई नहीं करना चाहिए। कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को संविधान के अनुरूप काम करना चाहिए।

    उन्होंने पीड़ित परिवार को पुख्ता सुरक्षा मुहैया करवाने के निर्देश दिए। कहा कि उत्तराखंड में किए जा रहे दुर्व्यवहार को वह लोकसभा में उठाएंगे।

    उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षित जगह विस्थापित करने, केस को सीबीआइ को सौंपने, फास्ट ट्रैक में मुकदमा चलाने, पीड़ित परिवार को कृषि योग्य भूमि देने, एक व्यक्ति को नौकरी देने की भी मांग की।

    यह है पूरा घटनाक्रम

    प्रतापनगर के देवल गांव निवासी 17 वर्षीय केतन लाल की पीट-पीटकर चोटिल होने के बाद सीएचसी चौंड अस्पताल में आठ जून को मौत हो गई थी। आरोप है कि खोलगढ़ वल्ला निवासी एक नाबालिग के साथ केतन लाल का प्रेम प्रसंग चल रहा।

    इसी कारण केतन को सात जून की रात्रि को देवल गांव से खोलगढ़ बुलाया गया था। जहां केतन और एक अन्य युवक दिवाकर डिमरी को कमरे में बंद बुरी तरह पीटा गया था।

    घटना के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। युवक के मौत से ठीक पहले तीन-चार वीडियो भी बनाए गए थे। जिसमें मृतक केतन लाल पूरी घटना को बयां कर रहा है।

    यह भी पढ़ें- टिहरी केतन हत्याकांड: अस्पताल में धरना, पूरे परिवार की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन; शव लेने से इन्कार

    यह भी पढ़ें- टिहरी: प्रेम प्रसंग में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त गंभीर रूप से घायल; क्षेत्र में तनाव