Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    टिहरी: अमर बलिदानी श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, ऐतिहासिक बेड़ियों के किए दर्शन

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 07:54 PM (IST)

    नई टिहरी सहित पूरे जनपद में अमर शहीद श्रीदेव सुमन का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया, जहाँ उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ऐतिहासिक बेड़ियों का अवलो ...और पढ़ें

    जिला कारागार नई टिहरी परिसर में श्रीदेव सुमन स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करतीं सीडीओ वरुणा अग्रवाल व पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत। सूचना विभाग

    जिला कारागार नई टिहरी परिसर में श्रीदेव सुमन स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करतीं सीडीओ वरुणा अग्रवाल व पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत। सूचना विभाग

    HighLights

    1. अमर शहीद श्रीदेव सुमन बलिदान दिवस पर टिहरी में कार्यक्रम आयोजित

    2. प्रतिमा पर माल्यार्पण, ऐतिहासिक बेड़ियों के दर्शन किए गए

    3. श्रीदेव सुमन के त्याग और संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान

    जागरण संवाददाता, नई टिहरी। ‎अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर जनपद में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

    जिला कारागार नई टिहरी स्थित श्रीदेव सुमन स्मृति स्थल पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

    इस दौरान उन्हें गार्ड आफ आनर भी दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों व स्थानीय नागरिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर अमर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

    ‎शनिवार को ‎कार्यक्रम के दौरान स्मृति स्थल पर स्थापित श्रीदेव सुमन की प्रतिमा के साथ उनकी ऐतिहासिक बेड़ियां भी दर्शनार्थ रखी गईं, जिनका उपस्थित लोगों ने अवलोकन किया।

    इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट करते हुए अमर शहीद श्रीदेव सुमन अमर रहें के नारे लगाए, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

    ‎सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन सत्य, न्याय और जनाधिकारों के लिए संघर्ष की अमिट मिसाल है। उनका त्याग और बलिदान आज भी युवाओं को राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

    नगर पालिका नई टिहरी के ‎अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि श्रीदेव सुमन के आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

    ‎इस दौरान जिला कारागार परिसर में सीडीओ, पालिकाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया। सीडीओ ने स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर उत्पादों व योजनाओं की जानकारी भी ली।

    ‎इस मौके पर डीडीओ मोहम्मद असलम, एएसपी दीपक सिंह, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, जेल अधीक्षक अभिलाष गैरोला, तहसीलदार धीरज राणा, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, छात्र-छात्राएं व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

    इसके अलावा जिला बार एसोसिएशन टिहरी ने भी अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

    इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयबीर सिंह रावत, कोषाध्यक्ष पवना, अरविंद खरोला, वेणी माधव शाह, सावन सिंह कैंतुरा, वीरेंद्र सिंह कठैत, दिनेश सिंह मियां, मयंक रावत आदि मौजूद रहे।

    राजशाही के खिलाफ ऐतिहासिक 84 दिन का किया था अनशन

    अमर शहीद श्रीदेव सुमन ने तत्कालीन टिहरी रियासत में जनाधिकारों व लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए आजीवन संघर्ष किया।

    राजशाही की ओर से कारावास के दौरान 84 दिन के ऐतिहासिक आमरण अनशन के बाद 25 जुलाई 1944 को उन्होंने मातृभूमि और जनहित के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।

    उनके सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 25 जुलाई को पूरे प्रदेश में श्रीदेव सुमन स्मृति दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है।

    श्री देव सुमन का जन्म टिहरी जिले के जौल गांव में हुआ था। बचपन से ही उनमें देशभक्ति और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की भावना थी।

    महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई और टिहरी रियासत में जनता के अधिकारों के लिए आंदोलन का नेतृत्व किया।

    आंदोलन के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर टिहरी जेल में बंद कर दिया गया, जहां उन पर अमानवीय अत्याचार किए गए।

    जेल की दमनकारी नीतियों के विरोध में उन्होंने 84 दिनों तक ऐतिहासिक भूख हड़ताल की। उन्होंने मातृभूमि और जन अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

    मैराथन में अंजलि, फैजल, मानसी व अनूप ने मारी बाजी

    श्रीदेव सुमन स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में डाइजर से आइटीआइ तक आयोजित मैराथन प्रतियोगिता को सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए।

    प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में अंजली रतूड़ी प्रथम, यशस्वी द्वितीय व आरोही तृतीय रहीं। अंडर-14 बालक वर्ग में फैजल प्रथम, दिव्यांशु द्वितीय व महेश बेलवाल तृतीय रहे।

    ओपन बालिका वर्ग में मानसी प्रथम, बबीता नेगी द्वितीय व मनीषा भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, ओपन बालक वर्ग में अनूप ने प्रथम, अमन ने द्वितीय तथा रक्षित पंवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    देशभक्ति के गीतों से गूंजा ‎श्रीदेव सुमन का पैतृक गांव जौल

    चंबा। श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर कार्मेल स्कूल चंबा के छात्र-छात्राओं व अध्यापकों ने श्रीदेव सुमन के पैतृक गांव जौल पहुंचकर उनके स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

    इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति गीतों और श्रीदेव सुमन के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिकाओं का मंचन कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

    इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रवीन भंडारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजू, श्रीदेव सुमन के भतीजे विनोद बडोनी, अनिल बडोनी, भगवती बडोनी, विजय बडोनी, दयाल सिंह भंडारी, प्रभा देवी बडोनी, प्रदीप कोठियाल, राकेश कंदीर, सुमन उनियाल, दीपा पुंडीर, संजय, अर्जुन, दिनेश, विकास आदि मौजूद रहे।

    श्रीदेव सुमन के बलिदान को किया याद

    नैनबाग। स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद श्रीदेव सुमन की जयंती पर जौनपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरदार सिंह राइंका नैनबाग, राइंका थत्यूड़ सहित अन्य विद्यालयों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

    खबरें और भी

    वक्ताओं ने कहा कि टिहरी रियासत में जन्मे श्रीदेव सुमन ने अपने प्राणों का बलिदान देकर गढ़वाल की जनता को निरंकुश राजशाही के विरुद्ध आवाज उठाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा और समाजहित के कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

    वक्ताओं ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उनका बलिदान उत्तराखंड के युवाओं के लिए आज भी प्रेरणास्रोत बना हुआ है। इस मौके पर वीर सास्वत, राय सिंह रावत, मोनिका नेगी, शोभा सहित शिक्षक, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

    पौधारोपण के साथ मनाया श्रीदेव सुमन बलिदान दिवस

    नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत गजा में अमर शहीद श्रीदेव सुमन का बलिदान दिवस पौधारोपण के साथ मनाया गया।

    नगर पंचायत गजा, टिहरी रेंज की वन अनुभाग गजा व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी सदस्यों ने गजा से आगे राइंका के निकट बांज, तेज पत्ता, बांश, गुरियाल, भमोरा आदि के पौधों का रोपण किया। पीएमश्री अटल उत्कृष्ट इंटर लेज गजा में शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्रों ने फलदार व शोभादार पौधे रोपे।

    विद्यालय में श्रीदेव सुमन को पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर नपं अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिपं सदस्य ताजबीर सिंह खाती, वन वीट अधिकारी बलवीर पंवार, विजय कुमार, हरेंद्र सिंह, धीरजमणि उनियाल, सीमा चौहान, सभासद जसवंत सिंह चौहान, दिनेश चौहान, बलवंत सिंह खाती, महेश सिंह, लखन पाल सिंह, गजेंद्र सिंह, बलवंत सिंह आदि मौजूद रहे।

    श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर रोपे पौधे

    देवप्रयाग। श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर ओंकारानंद सरस्वती विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तीन किमी दूर स्थित बागी गांव पहुंचकर फलदार व औषधीय पौधों का रोपण किया।

    इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने यहां अमर शहीद श्रीदेव सुमन की जय जयकार करते हुए रैली भी निकाली। विद्यालय प्रबंधक सुनील गैरोला, प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम तिवारी, मयंक कोठीवाल, मनोज पंत ने छात्र-छात्राओं के साथ यहां पौधारोपण किया।

    कांग्रेस ने श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि

    नरेंद्रनगर। उत्तराखंड के अमर क्रांतिकारी व जननायक श्रीदेव सुमन की जयंती पर नरेंद्रनगर में विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक व राजनीतिक संगठनों की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

    नगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरत सिंह आर्य ने उनके संघर्षमय जीवन, अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि श्रीदेव सुमन का बलिदान उत्तराखंड के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।

    कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि श्रीदेव सुमन ने तत्कालीन टिहरी रियासत के अन्याय और दमन के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन आज भी युवाओं को सत्य, साहस और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

    इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र चांदपुरी, मनवीर सिंह नेगी, कोमल दास, मानवेंद्र रांगण, जयपाल नेगी, वाचस्पति रयाल, राजेंद्र गुसाई, श्याम लाल सैलानी, आयुष बेलवाल, सेवक राम, अरविंद रावत, प्रियांशु कैंतुरा आदि मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- शहीद श्रीदेव सुमन का बलिदान दिवस: डीएम और सीडीओ ने किया नमन, युवाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान

    यह भी पढ़ें- 'श्रीदेव सुमन का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा की अद्भुत मिसाल', जयंती पर किया नमन