Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में सरकारी अस्पताल के हाल, एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से महिला की मौत

    Updated: Sat, 31 Jan 2026 09:03 AM (IST)

    नई टिहरी के जिला अस्पताल बौराड़ी में एक महिला कर्मी की हायर सेंटर ले जाते समय मौत हो गई। स्वजनों और पालिका कर्मियों ने आरोप लगाया कि समय पर उपचार और ए ...और पढ़ें

    जिस 108 एंबुलेंस से महिला को हायर सेंटर भेजा गया, उसमें रास्ते में आक्सीजन समाप्त हो गई। प्रतीकात्मक

    जिस 108 एंबुलेंस से महिला को हायर सेंटर भेजा गया, उसमें रास्ते में आक्सीजन समाप्त हो गई। प्रतीकात्मक

    HighLights

    1. महिला कर्मी की हायर सेंटर ले जाते समय मौत हुई

    2. एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने का आरोप लगा

    3. पालिकाध्यक्ष के नेतृत्व में अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन

    संवाद सहयोगी, नई टिहरी। जिला अस्पताल बौराड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर नई टिहरी पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत के नेतृत्व में पालिका कर्मियाें ने शुक्रवार को अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि बीती गुरूवार रात्रि को स्वजनों की ओर से महिला को जिला अस्पताल बौराड़ी लाया गया। लेकिन अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही से महिला को समय रहते सही उपचार न मिलने के कारण उसकी हायर सेंटर ले जाते समय मौत हो गई।

    जानकारी के अनुसार बीती गुरूवार रात्रि को करीब साढे आठ बजे नगर पालिका में पर्यावरण मित्र के रूप में तैनात रेखा देवी (45) को स्वजनों की ओर जिला अस्पताल लाया गया था, लेकिन समय पर समुचित उपचार व एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। महिला को हायर सेंटर रेफर करने में देरी हुई व उपचार के अभाव में देहरादून ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

    उन्होंने कहा कि महिला को समय रहते 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं कराई गई, जबकि अस्पताल प्रशासन से इसकी मांग की गई थी। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जिस 108 एंबुलेंस से महिला को हायर सेंटर भेजा गया, उसमें रास्ते में आक्सीजन समाप्त हो गई, जिससे महिला ने वाहन में ही दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित पालिका कर्मी व वाल्मिकी समाज से जुड़े लोग पालिकाध्यक्ष के नेतृत्व में जिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पर पहुंचे मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्याम विजय का प्रदर्शनकारियों ने घेराव किया और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

    पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि जिला अस्पताल में चिकित्सकों की लापरवाही और संसाधनों की कमी के कारण एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। यदि समय पर 108 सेवा व उचित उपचार उपलब्ध कराया गया होता, तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर अब निर्णायक आंदोलन किया जाएगा। धरना स्थल पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, कांग्रेस नगर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, सुनील कुमार वाल्मिकी, राजेंंद्र कठेरिया, रामकरण, उषा देवी, सुनीता, मानषी, अमन वाल्मिकी सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।

    खबरें और भी

    उक्त महिला हार्ट की पेंशेंट थी, बीते 21 जनवरी को उक्त महिला उपचार के लिए महिला अस्पताल में आई थी। महिला की स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर से उपचार के लिए परिजनों को कहा गया था। बीते गुरूवार रात्रि को महिला फिर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेजा गया। लेकिन रास्ते में दिल का दौरा पड़ने मौत उक्त महिला की मौत हुई है। स्वजनों की मांग पर इस संबंध तीन वरिष्ठ चिकित्सकों की जांच टीम गठित की जा रही है। - डा. श्याम विजय, सीएमओ टिहरी

    यह भी पढ़ें- सरकारी अस्पताल की लापरवाही पड़ी भारी, चली गई गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की जान

    यह भी पढ़ें- अब सरकारी अस्पताल में मिलेगा प्राइवेट स्पेशलिस्ट का इलाज, 27 को इंटरव्यू; जानें पूरी योजना