उत्तराखंड में बड़ी कार्रवाई, ऊधमसिंह नगर में 10 मदरसे सील
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में बिना पंजीकरण और शिक्षा विभाग की मान्यता के संचालित 10 मदरसों को सील किया गया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर । जिले में बिना पंजीकरण और शिक्षा विभाग की मान्यता के संचालित मिले 10 मदरसों को सील किया गया है। अब इनकी वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। शुक्रवार को उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरजीत सिंह गांधी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मान्यता संबंधी लंबित प्रकरणों और प्रस्तावों में आ रही कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
मदरसों और अल्पसंख्यक शैक्षिक संस्थानों की मान्यता पर चर्चा
विकास भवन सभागार में बैठक कर मदरसों और अल्पसंख्यक शैक्षिक संस्थानों की मान्यता से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। अध्यक्ष ने कहा कि मान्यता प्रस्तावों में आ रही कमियों को संबंधित विभाग आपसी समन्वय से जल्द दूर करें, ताकि प्रकरणों का निस्तारण किया जा सके। उन्होंने प्राधिकरण के अधिनियम और उद्देश्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक संस्थानों को मान्यता प्रक्रिया से जोड़ने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बिना पंजीकरण और मान्यता के संचालित मिले मदरसों के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कंडारी ने बताया कि मान्यता के लिए आवेदन नहीं करने वाले 10 मदरसों को सील किया गया है। अध्यक्ष ने इन मदरसों की मौजूदा स्थिति की विस्तृत आख्या शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी ने संबंधित अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने और विस्तृत रिपोर्ट अध्यक्ष व जिलाधिकारी को सौंपने को कहा। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी शावेद आलम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कंडारी, शिक्षा विभाग के रविंद्र पांडेय आदि मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।