Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में भाजपा के युवा संवाद में सवाल से संग्राम, युवक को पीटा

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 06:48 PM (IST)

    गदरपुर में भाजपा के युवा संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता वंश शर्मा से धक्का-मुक्की और मारपीट हुई, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया। ...और पढ़ें

    गदरपुर में भाजपा युवा मोर्चा के युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान हंगामा। कांग्रेस कार्यकर्ता वंश शर्मा से धक्का-मुक्की।

     गदरपुर में भाजपा युवा मोर्चा के युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान हंगामा। कांग्रेस कार्यकर्ता वंश शर्मा से धक्का-मुक्की।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सूत्र, गदरपुर। भाजपा के युवा संवाद कार्यक्रम में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सवाल पूछने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता वंश शर्मा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया।

    कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर वंश शर्मा की पिटाई कर दांत तोड़ने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वहीं भाजपा ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे कार्यक्रम को बाधित करने की कोशिश बताया है।

    कांग्रेस कार्यकर्ता वंश शर्मा भी पहुंचे

    आवास विकास स्थित शहनाई वाटिका में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे थे। कार्यक्रम में विधायक अरविंद पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल और रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा ने युवाओं के सवालों के जवाब दिए।

    कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा हो गया जब कांग्रेस कार्यकर्ता वंश शर्मा अपने कुछ साथियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। वंश शर्मा ने कहा कि जब भाजपा युवा संवाद कर रही है तो उन्हें भी सवाल पूछने का अधिकार है। इसी बात को लेकर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से उनकी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गया।

    खबरें और भी

    बताया गया कि वंश शर्मा अपने हाथ में संविधान की प्रति लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि विवाद के दौरान किसी भाजपा कार्यकर्ता ने उनके हाथ से संविधान की प्रति छीन ली, जिसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

    मामला बढ़ता देख विधायक अरविंद पांडे ने मंच से कहा कि वंश शर्मा को मंच के पास लाया जाए और वह अपना सवाल रखें। उन्होंने कहा कि सवाल शालीनता से पूछा जाए और कार्यक्रम में व्यवधान न डाला जाए। इसके बाद वंश शर्मा मंच के पास पहुंचे और नीचे बैठ गए।

    कुछ ही देर बाद वहां फिर हंगामा हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए वंश शर्मा को अपनी गाड़ी से कोतवाली पहुंचाया। बाद में उनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराया गया।

    कांग्रेस ने लगाया मारपीट का आरोप

    घटना के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली और अस्पताल पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने वंश शर्मा के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनका एक दांत टूट गया और शरीर पर चोटें आई हैं। कांग्रेस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

    वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग वंश शर्मा के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

    भाजपा बोली- माहौल खराब करने की कोशिश

    भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि युवा संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की समस्याएं सुनना और उनके सवालों का जवाब देना था। कुछ लोगों ने कार्यक्रम में व्यवधान डालने की कोशिश की, लेकिन भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।

    युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल ने कहा कि युवाओं को सकारात्मक राजनीति और विकास के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। कार्यक्रम का माहौल खराब करना उचित नहीं है।

    रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम युवाओं के हितों को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया था। कुछ लोगों ने अनावश्यक विवाद पैदा करने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा हर लोकतांत्रिक सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।

    विधायक बोले- बच्चों में राजनीति की दुश्मनी न पैदा करें

    मारपीट के आरोपों पर विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा पहुंचे थे और सभी के सवाल सुने जा रहे थे। वंश शर्मा को भी बैठकर सवाल पूछने के लिए कहा गया था। उन्होंने कहा कि हमारे सामने किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई। राजनीति के लिए बच्चों में दुश्मनी पैदा नहीं करनी चाहिए। बच्चे सभी के साझा होते हैं।'

    विधायक पुत्र ने भी आरोपों को नकारा

    विधायक अरविंद पांडे के पुत्र अतुल पांडे ने कहा कि कार्यक्रम में आए सभी लोग उनके भाई जैसे हैं, दुश्मन नहीं। उनका किसी से कोई विवाद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस मामले को बेवजह राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

    देहरादून में राहुल गांधी के काफिले के साथ दौड़ने से चर्चा में आए थे वंश शर्मा

    गदरपुर निवासी वंश शर्मा कुछ दिन पहले देहरादून में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे के दौरान चर्चा में आए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह राहुल गांधी के काफिले के साथ करीब 200 मीटर तक दौड़ते हुए 'राहुल गांधी जिंदाबाद' के नारे लगाते दिखाई दिए थे। बताया गया था कि उस दौरान राहुल गांधी ने अपनी गाड़ी भी रुकवाई थी। बुधवार को वही वंश शर्मा संविधान की प्रति लेकर भाजपा के युवा संवाद कार्यक्रम में पहुंचे, जहां विवाद हो गया।