खटीमा में थारू जनजाति संवाद में पहुंचे सीएम धामी, गूंजा वंदेमातरम्
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा के धानी रिसोर्ट में थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने थारू समाज की समृद्ध संस्कृति की सराहना ...और पढ़ें

कार्यक्रम में मौजूद रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सितारगंज रोड स्थित धानी रिसोर्ट में आयोजित थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में पहुंचे। यहां पहुंचने पर थारू समाज के लोगों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और लोकगीतों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप के चित्र पर दीप प्रज्वलन और सामूहिक वंदेमातरम् गायन से हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने थारू जनजाति की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और योगदान की सराहना की।
सीएम धामी ने कहा कि थारू समाज प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। राज्य सरकार थारू संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी।
सरकार का मूल उद्देश्य जनसेवा: मुख्यमंत्री धामी
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य जनसेवा है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ काम कर रही है।
अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता से समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की और आश्वस्त किया कि नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
दिव्यांगों और वरिष्ठों को मिली मदद
मुख्यमंत्री ने 27 दिव्यांगजनों को 77 और 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए। इसमें 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी ब्रेस, 13 बैसाखी के साथ वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल हैं।
साथ ही ग्रामोत्थान रीप योजनांतर्गत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर व सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहन तथा एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबी सौंपी।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी, मोहिनी पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सौगात, हरिद्वार, देहरादून व उत्तरकाशी समेत कई परियोजनाओं को मिली रफ्तार