किच्छा पालिका चुनाव में बवाल, विवाद के दौरान विधायक बेहड़ को जड़ा थप्पड़, देर रात मतपेटियां जमा करने पर फिर हंगामा
किच्छा नगर पालिका चुनाव में स्ट्रांग रूम के बाहर पर्दे लगाने को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, किच्छा। नगर पालिका चुनाव के दौरान सोमवार को किच्छा में बवाल हो गया। मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम में मौजूद विधायक तिलकराज बेहड़ और प्रत्याशी के साथ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की भिड़ंत हो गई। देर शाम यह मामला शांत होने के बाद एक बार फिर देर रात को मतपेटियां जमा करने के दौरान फिर हंगामा हो गया।
इससे पहले दोपहर में मतदान के दौरान शुक्ला और बेहड़ में जमकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ मौजूद उनके समर्थक ने विधायक बेहड़ पर हाथ छोड़ दिया। उसके बाद जमकर धक्का मुक्की हुई। मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिस ने बीच बचाव कर दिया।
घटना के विरोध में विधायक बेहड़ धरने पर बैठ गए। इधर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। पुलिस ने तत्काल राजेश शुक्ला को हिरासत में लेकर सिडकुल चौकी पहुंचाया। वहीं, विधायक बेहड़ को भी हिरासत में लेकर कोतवाली किच्छा में बैठा दिया। देर शाम इनको छोड़ दिया गया।

मंगलवार को किच्छा और सिरौलीकलां में नगर पालिका चुनाव में मतदान था। सुबह आठ बजे से ही मतदान शुरू हुआ। सुबह तेज गति से मतदान के बाद दोपहर में धीमी गति से वोट पड़े वहीं करीब दो बजे से फिर तेजी आई।
वोटिंग के दौरान कई बार बूथों पर वोट डालने के दौरान मतदाताओं को रोकने आदि के आरोपों को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह और पुलिस अधिकाइयों के बीच झड़प भी हुई।
हल्की नोंकझोंक और तनातनी के बीच चल रहे चुनाव के दौरान शाम करीब चार बजे विधायक तिलकराज बेहड़ और प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम पहुंचे।
यहां उन्होंने मतदान वाले वॉक्स रखने के दौरान परदे लगाने का विरोध किया। इस दौरान अधिकारियों और विधायक के बीच कई बार कहासुनी हो गई।
विधायक बेहड ने कहा पर्दे लगने से पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। इसी बीच कुछ देर में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ मंडी समिति आ धमके और सीधे विधायक बेहड़ से कहासुनी शुरू हो गई।
दोनों में भिड़ंत के दौरान राजेश शुक्ला के साथ मौजूद एक युवक ने विधायक बेहड़ पर हाथ छोड़ दिया। इससे माहौल गर्म हो गया। दोनों और से तनातनी के बीच विधायक बेहड़ समर्थकों संग धरने पर बैठ गए।
जवाब में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अपने समर्थकों संग धरने पर बैठ गए। पुलिस ने बिगड़ती स्थिति के बीच पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को पहले हिरासत में ले लिया और उन्हें सिडकुल चौकी पहुंचा दिया। इधर धरने पर बैठे विधायक तिलकराज बेहड़ बेहोश हो गए।
कार्यकर्ताओं ने उन्हें जैसे तैसे ठीक किया। उनके होश में आते ही पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले जाकर बैठा दिया। मामला अभी तक तनावपूर्ण बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- किच्छा नगर पालिका चुनाव में भाजपा के बागी दावेदारों ने बढ़ाई पार्टी की चिंता, इन नेताओं ने कर दिया निर्दलीय नामांकन

मुझे थप्पड़ मारा गया है, मैं तहरीर दूंगा : बेहड़
विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा है कि वे वहां अपनी बात रखने गए थे। अधिकारियों के समक्ष बात को रख भी दिया। इसी बीच पूर्व विधायक राकेश शुक्ला समर्थकों संग पहुंचे और नाराज होते हुए सीधे उनसे आकर भिड़ गए। इसी दौरान उन्हें धक्का और थप्पड़ मारा गया। वे पुलिस को तहरीर देंगे।
देर रात मतपेटियां जमा करने के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी को बाहर निकालने पर हंगामा
विधायक और पूर्व विधायक को हिरासत में लेने के बाद शांत हुआ माहौल एक बार फिर गर्मा गया। कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने स्ट्रांग रूम में मतपेटियां जमा करने के दौरान बिना स्ट्रांग रूम बंद किए उनको बाहर करने का आरोप लगाया।
पूर्व विधायक रुद्रपुर राजकुमार ठुकराल व कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के हंगामे के बाद पुलिस ने उनको बाहर धकेल दिया। जिसके बाद मतगणना स्थल पर गहमा गहमी मा बन गया।
राजेश प्रताप सिंह ने प्रशासन पर मतपेटियां बदलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा भाजपा पुलिस का इस्तेमाल कर मतपेटियां बदल रही है। पुलिस ने हंगामा कर रहे कांग्रेस प्रत्याशी को हटाने का प्रयास किया परंतु वह वहां से नहीं उठे।
उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मतपेटियां बदलने की बात कही। जिससे मतगणना स्थल का माहौल देर रात तक गरमाया रहा।
यह भी पढ़ें- मतदान से एक दिन पहले ही किच्छा और सिरौलीकलां पालिका चुनाव की मतगणना स्थगित, हाई कोर्ट में सुनवाई जारी
