उत्तराखंड के रुद्रपुर में बाइक सवारों से एसओजी और पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली
उत्तराखंड के रुद्रपुर में शनिवार तड़के पुलिस और एसओजी की बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, मुकरंदपुर-महतोष मार्ग पर रोकने का प्रयास करने पर बाइक सवार दो बदमाश गन्ने के खेत में घुस गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मनोज कुमार के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपित अनमोल यादव ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल मनोज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपितों के कब्जे से आठ तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, चार खोखे और एक बाइक बरामद की गई है।
शनिवार रात गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान दिनेशपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार की टीम को एसओजी प्रभारी रविंद्र बिष्ट से सूचना मिली कि दो बदमाश अवैध हथियारों की खेप लेकर महतोष-मुकरंदपुर की ओर से आनंदखेड़ा होते हुए दिनेशपुर आने वाले हैं। इस पर दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से संदिग्धों की तलाश शुरू की।
आनंदखेड़ा नंबर-दो से मुकरंदपुर-महतोष मार्ग पर सामने से तेज गति से आती बाइक को रोकने का प्रयास किया गया तो उस पर सवार दोनों युवक बाइक छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गए। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोप है कि दोनों ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
जिससे एक बदमाश के गोली लगने की आवाज सुनाई दी और दूसरी ओर से फायरिंग बंद हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान मनोज कुमार और दूसरे आरोपित की पहचान अनमोल यादव निवासी ग्राम चंदायन, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
मनोज और अनमोल के पास से आठ तमंचे, आठ जिंदा कारतूस 315 बोर और चार खोखे 315 बोर दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा हीरो स्प्लेंडर बाइक यूके-06-बीएन-3627 भी कब्जे में ली गई है। बाद में पुलिस ने घायल मनोज कुमार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।