सावधान! वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनाने के नाम हो रही ठगी, साइबर ठगों ने फैलाया जाल
उत्तराखंड के सितारगंज में पीएनबी अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनाने के बहाने 3.77 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सितारगंज। पीएनबी का अधिकारी बनकर वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 3.77 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर कार्रवाई करने की मांग की है।
वार्ड नंबर-11 निवासी राम आसरे मौर्य ने तहरीर में बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक की सितारगंज शाखा में बचत खाता है। बुधवार दोपहर करीब 12:04 बजे एक व्यक्ति ने फोन कर अपना नाम विवेक दास बताया। उसने खुद को पीएनबी के दिल्ली स्थित हेड आफिस का कर्मचारी बताते हुए वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनाने की बात कही।
आरोपित ने कार्ड से विभिन्न सुविधाएं मिलने का झांसा दिया। वहीं आरोपित के झांसे में आकर उन्होंने अपने दोनों बैंक खातों और एटीएम कार्ड से संबंधित जानकारी उसे दे दी। इसके बाद जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो उसमें से 3.77 लाख रुपये की धनराशि निकल चुकी थी।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
