चारधाम यात्रा: आठ दिनों में 88 हजार से ज्यादा तीर्थयात्री पहुंचे गंगोत्री-यमुनोत्री
उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा के आठ दिनों में 88 हजार से अधिक तीर्थयात्री पहुंचे हैं। प्रतिदिन औसतन 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर् ...और पढ़ें
HighLights
आठ दिन में 88 हजार से अधिक तीर्थयात्री पहुंचे धाम।
प्रतिदिन औसतन 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालु कर रहे दर्शन।
आने वाले दिनों में तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। जनपद में स्थित चारधामों में से दो गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा पर रविवार तक आठ दिन में 88 हजार से अधिक तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं।
औसतन प्रतिदिन 5 हजार से अधिक तीर्थयात्री धामों में दर्शन को पहुंच रहे हैं, जिनकी संख्या आने वाले दिनों में बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।
बता दें कि चारधामों में सबसे पहले 19 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई थी। शुरू के कुछ दिनों में धार्मिक परंपरानुसार पहले यमुनोत्री धाम के दर्शनों से यात्रा के शुरूआत की धार्मिक मान्यता के चलते यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों की अच्छी संख्या रही।
अब धीरे-धीरे गंगोत्री धाम की ओर अच्छी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं।रविवार को यमुनोत्री धाम में 6128 व गंगोत्री धाम में 6857 तीर्थयात्रियों ने दर्शन व पूजन के साथ गंगा व यमुना नदी में स्नान किया। इसके साथ अब तक दोनों धामों आठ दिन के अंदर पहुंचे तीर्थयात्रियों की संख्या की बात करें तो यमुनोत्री धाम में 44024 व गंगोत्री धाम में 44364 तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं।
वहीं, अब तक यात्रा पर दुपहिया व छोटे-बड़े कुल 9310 वाहन पहुंचे हैं। इसके साथ ही यमुनोत्री यात्रा पर 1842 व गंगोत्री यात्रा पर 1488 तीर्थयात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा का कहना है कि आने वाले दिनों में तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।