केदारताल ट्रेक हिमस्खलन: दो और शव बरामद, मृतकों की संख्या हुई छह... दो अब भी लापता
केदारताल हिमस्खलन हादसे में गुरुवार को दो और शव बरामद हुए, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। अभी भी दो ट्रेकर लापता हैं जिनकी तलाश जारी है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। केदारताल हिमस्खलन हादसे में लापता दो और ट्रेकरों के शव गुरुवार को बरामद किए गए। अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं। उनकी तलाश में सर्च आपरेशन जारी रहेगा।
उत्तरकाशी पहुंचे परिजनों ने बरामद शवों में से दो की पहचान पश्चिम बंगाल के बांकुरा निवासी रिंटू मंडल (40) और उदय घोष (30) के रूप में की। इससे पहले लखनऊ निवासी सगी बहनों वर्तिका वर्मा (29) और दीपिका वर्मा (30) की पहचान हुई थी।
मंगलवार और बुधवार को दो-दो शव मिलने के बाद गुरुवार को दो पुरुषों के शव बरामद हुए। अब तक चार शव हेलीकाप्टर से उत्तरकाशी जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए लाए गए हैं।
गुरुवार को मिले शवों को शुक्रवार को हेलीकाप्टर से लाने की सूचना है। वहीं, लखनऊ निवासी सगी बहनों के शव पीएम के बाद शव वाहन से देहरादून पहुंचाये गए, जिन्हें एंबुलेंस के जरिए उनके स्वजनों के घर तक पहुंचाया जायेगा।
12 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए हुआ था रवाना
27 अक्टूबर को 12 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। इसमें एक स्थानीय गाइड, उत्तर प्रदेश के दो, बंगाल के पांच ट्रेकर, एक कुक और तीन पोर्टर शामिल थे। दल की वापसी 29 अक्टूबर को तय थी, लेकिन मौसम बिगड़ने और भारी बर्फबारी से सदस्य रास्ते में फंस गए।
31 अक्टूबर को बचाव दल ने एक कुक और तीन पोर्टर को सुरक्षित निकाला। स्थानीय गाइड और सात ट्रेकर समेत आठ सदस्य लापता थे। हेलीकॉप्टर से दो बार हवाई रेकी के बाद भी लापता दल का पता नहीं चला। सोमवार को एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की दस सदस्यीय टीम को घटनास्थल पर उतारा गया।
ट्रेकिंग एसोसिएशन की टीम को बर्फ में दबा टेंट मिला, जिसमें राशन, कपड़े, बैग और चप्पलें थीं, लेकिन लोग नहीं मिले। मंगलवार को एक पुरुष और एक महिला ट्रेकर का शव मिला था।
यह भी पढ़ें- केदारताल एवलांच हादसे को लेकर उठे कई सवाल, अनुभवी गाइड ने कुक और पोर्टरों को क्यों भेजा आगे?
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड ट्रेकिंग हादसा: केदारताल में लापता 8 पर्वतारोहियों में से 4 के शव बरामद, बांकुड़ा में मातम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।