उत्तराखंड में खीरगंगा का बढ़ा जलस्तर, धराली में फिर मंडराया आपदा का खतरा! लगातार बारिश से भूस्खलन
धराली में खीरगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जहां ग्रामीणों ने सुरक्षा इंतजामों ...और पढ़ें

धराली में बढ़ा खीरगंगा नदी का जलस्तर l
HighLights
धराली में खीरगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा
ग्रामीणों ने सुरक्षा इंतजामों में देरी पर उठाए गंभीर सवाल
उत्तराखंड में भूस्खलन से सड़कें बंद, स्कूल की दीवार ढही
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। हर्षिल के बाद आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में खीर गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से फिर आपदा का खतरा बना हुआ है। रविवार को सिंचाई विभाग के कुछ कर्मी यहां अस्थायी सुरक्षा इंतजाम के मकसद से नदी के ऊपरी तटवर्ती क्षेत्र में वायरक्रेट स्थापित करवाने पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें लौटा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यहां समय रहते सही ढंग से सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। अब मानसून आने के बाद बजट ठिकाने लगाने की तैयारी है। उन्होंने खीरगंगा नदी में हुए चैनलाइजेशन पर भी सवाल खड़े किए।
शनिवार को धराली क्षेत्र में खीर गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया था, जिसके बाद हर्षिल थाना पुलिस ने नदी के तटवर्ती क्षेत्र के कुछ आवासीय भवनों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा सतर्कता बरतने की अपील की थी। रविवार शाम को हल्की वर्षा के बाद यहां नदी का जलस्तर बढ़ गया।
उधर, स्यानाचट्टी–यमुनोत्री पैदल मार्ग भूस्खलन के कारण रविवार को चौथे दिन भी बंद रहा। लगातार हो रही वर्षा के बीच मार्ग खोलने का कार्य जारी है। इसी दौरान निर्माण कार्य के बीच राजस्थान के तीर्थयात्री धर्मबीर घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट पहुंचाया गया।
प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा दीवार ढही
पुरोला। लगातार वर्षा के कारण करड़ा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा दीवार ढह गई, जिससे विद्यालय भवन और वहां अध्ययनरत छात्रों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा। बताया जा रहा है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान विद्यालय भवन के नीचे किए गए निर्माण कार्य से सुरक्षा दीवार से सटी भूमि कमजोर हो गई थी।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मानसून का कहर: यमुनोत्री हाईवे बंद, आज पांच जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
पर्यटकों की कार के आगे गिरे बोल्डर
कोटद्वार। कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालपुल से करीब एक किलोमीटर आगे पहाड़ जा रहे पर्यटकों की कार के आगे भारी बोल्डर गिर गए। गनीमत यह रही कि समय रहते चालक भरत सिंह ने कार के ब्रेक मार दिए। पर्यटकों ने स्वयं ही बोल्डरों को हटाकर यातायात खुलवाया। करीब दो सप्ताह पूर्व काबीना मंत्री सतपाल महाराज की कार के ऊपर भी एक बोल्डर गिर गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।