विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मेडिकल पर्वतारोही दल ने सतोपंथ पर फहराया तिरंगा

By Sunil NegiEdited By:
Updated: Mon, 05 Jun 2017 07:21 PM (IST)

इंडियन मेडिकल पर्वतारोही दल ने सतोपंथ शिखर पर तिरंगा फहराया। लौटते हुए दल ने वासुकीताल, गोमुख व भोजवासा में फैले कूड़े को एकत्र कर उसे गंगोत्री तक पहुंचाया।

मेडिकल पर्वतारोही दल ने सतोपंथ पर फहराया तिरंगा
मेडिकल पर्वतारोही दल ने सतोपंथ पर फहराया तिरंगा

उत्तरकाशी, [जेएनएन]: इंडियन मेडिकल पर्वतारोही दल ने गंगोत्री हिमालय क्षेत्र के सबसे ऊंचे सतोपंथ शिखर (7075 मीटर) पर तिरंगा फहराकर अपने जोश एवं जज्बे का परिचय दिया। लौटते हुए इस दल ने वासुकी ताल से लेकर भोजवासा तक नमामि गंगे के तहत स्वच्छता अभियान भी चलाया।

आइएमएफ (इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन) युवा अभियान और केंद्रीय खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित मेडिकल पर्वतारोही अभियान के 17 सदस्यीय दल को केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने नौ मई को झंडी दिखाकर गंगोत्री के लिए रवाना किया था। 11 मई को यह दल गंगोत्री से सतोपंथ के लिए रवाना हुआ। 

हार्डिंग मेडिकल कॉलेज नई दिल्ली के प्रोफेसर अनिल गुत्तू के नेतृत्व में पर्वतारोही दल ने 29 मई को सतोपंथ शिखर का आरोहण किया और वहां तिरंगा फहराया। इस दौरान मेडिकल दल ने अध्ययन किया कि अभियान में नॉन-मेडिकल पर्वतारोही कैसे सफलता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा ट्रेकर्स को प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, अधिकतम ऊंचाई पर दवा का इस्तेमाल, नेतृत्व व सफल पर्वतारोहण जैसे बिंदुओं पर भी अध्ययन किया गया।

सतोपंथ से लौटते हुए दल के सदस्यों ने वासुकीताल, गोमुख व भोजवासा में फैले कूड़े को एकत्र कर उसे गंगोत्री तक पहुंचाया। दल के कुछ सदस्यों ने भोजवासा से भैरोंघाटी तक निम (नेहरू पर्वतारोहण संस्थान) के प्रशिक्षक रहे सी.नोरबू की याद में एक्सपेडिशन ट्रेल रेस में भी भाग लिया। उन्होंने यह दौड़ चार घंटे 52 मिनट में पूरी की। 

निम पहुंचने पर संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल अजय कोठियाल ने दल के सदस्यों का स्वागत किया। उत्तरकाशी के पीतांबर सिंह पंवार ने बताया कि इस मेडिकल दल ने उत्तरकाशी के हाई लैंड ट्रैक एंड टूर के तत्वाधान में सतोपंथ शिखर का सफल आरोहण किया।

यह भी पढ़ें: छह बार एवरेस्ट फतह करने वाले भारत के पहले पर्वतारोही बने लवराज

 यह भी पढ़ें: महिला दिवसः पिता की प्रेरणा से चोटियों को लांघ रही हैं ये बेटियां

यह भी पढ़ें: नुंग्शी-ताशी ने न्‍यूजीलैंड के माउंट कुक पर फहराया तिरंगा