Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों का उत्साह, 21 दिन में 3.11 लाख लोगों ने किए दर्शन

    Updated: Sun, 10 May 2026 04:32 PM (IST)

    21 दिनों में 3.11 लाख से अधिक तीर्थयात्री गंगोत्री और यमुनोत्री धाम पहुंचे हैं, जो प्रतिकूल मौसम के बावजूद उत्साह दिखा रहे हैं। ...और पढ़ें

    यमुनोत्री धाम के दर्शनों को पहुंचे तीर्थयात्री। स्रोत मंदिर समिति

    यमुनोत्री धाम के दर्शनों को पहुंचे तीर्थयात्री। स्रोत मंदिर समिति

    HighLights

    1. 21 दिन में 3.11 लाख से अधिक तीर्थयात्री पहुंचे

    2. खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं में भारी उत्साह

    3. यमुनोत्री मंदिर समिति ने की विशेष व्यवस्थाएं

    जागरण टीम, बड़कोट(उत्तरकाशी)। चारधाम यात्रा में यमुनोत्री व गंगोत्री धाम में इन दिनों मौसम के विपरीत परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

    देश-विदेश से पहुंच रहे तीर्थ यात्रियों में मां यमुना व गंगा के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार को यमुनोत्री धाम में 11066 व गंगोत्री धाम में 12075 तीर्थयात्रियों ने पहुंचकर दर्शन व पूजन किया।

    दरअसल, पिछले कुछ दिनों से मौसम उतार-चढ़ाव वाला बना हुआ है, दोपहर बाद मौसम बदलने से वर्षा के साथ आंधी-तूफान की संभावना बनी रहती है।

    इस कारण विशेष रूप से यमुनोत्री पैदल मार्ग पर फिसलन व वर्षा के बीच ही यात्रियों को यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ता है ।बावजूद इसके उनमें उत्साह बरकरार है।

    वहीं, यमुनोत्री मंदिर समिति द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। समिति की ओर से लगातार एनाउंसमेंट के माध्यम से यात्रियों को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

    इसके अलावा श्रद्धालुओं को भोग वितरण के साथ साधु-संतों के लिए निशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष यात्रा में छोटे बच्चों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

    मात्र 20 दिनों में 4325 बच्चों ने अपने परिजनों के साथ यमुनोत्री धाम पहुंचकर मां यमुना के दर्शन किए हैं। वहीं, कुल यात्रियों की संख्या 1.56 लाख के पार पहुंच चुकी है।

    यमुनोत्री मंदिर समिति के सह सचिव गौरव उनियाल ने बताया कि वर्तमान में यात्रा के लिहाज से मौसम काफी अनुकूल बना हुआ है तथा प्रशासन भी यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मंदिर समिति का पूरा सहयोग कर रहा है।

    उन्होंने कहा कि हल्की वर्षा के चलते जानकी चट्टी से यमुनोत्री धाम तक पैदल मार्ग पर यात्रियों को गर्मी और थकान से राहत मिल रही है, जिससे श्रद्धालु यात्रा का आनंद भी ले रहे हैं।

    इधर, गंगोत्री धाम में भी दर्शन को बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। साथ ही इस दौरान यात्रा पड़ाव पर भी रूककर यात्रा का आनंद उठा रहे हैं। वहीं, दोनों धामों में शनिवार तक कुल 311365 तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड उत्साह, 16 हजार से अधिक ने की हेली सेवा से दर्शन

    यह भी पढ़ें- केदारनाथ में स्वास्थ्य सेवा की बड़ी सौगात, सीएम धामी ने किया 40 बेड अस्पताल का लोकार्पण