सर्दियां आते ही लोग अपनी सेहत का खास ध्यान रखना शुरू कर देते हैं। ठंड से खुद को बचाने के लिए लोग अपने पहनावे और खानपान में जरूरी बदलाव करते हैं।
ऐसे में कई लोग सर्दियों के आते ही शकरकंद का सेवन भी शुरू कर देते हैं। शकरकंद का इस्तेमाल अक्सर व्रत-त्योहार में किया जाता है।
स्वाद में हल्की सी मीठी यह सब्जी दिखने में कुछ-कुछ आलू जैसी भी नजर आती है। ज्यादातर लोग इसे स्वीट पोटैटो के नाम से भी जानते हैं।
सर्दियों में इस्तेमाल में आने वाला शकरकंद ऊर्जा का खजाना होता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व सेहत के लिए कई मायने में फायदेमंद होते हैं।
ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि सर्दियों में किन लोगों को शकरकंद का सेवन जरूर करना चाहिए। आइए जानें।
सेहत को कई फायदे पहुंचाने वाला शकरकंद आपकी आंखों के लिए काफी फायदेमंद होता है। स्वाद में शानदार स्वीट पोटैटो खाने से आपकी आंखों की रोशनी अच्छी होती है।
पोषक तत्वों और ऊर्जा से भरपूर शकरकंद खाने से आप दिल की कई बीमारियों से भी दूर रहते हैं। इसमें मौजूद फाइबर आपके शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने में सहायक होता है।
शकरकंद में भरपूर मात्रा में आयरन पाया जाता है। ऐसे में अगर आप रोजाना शकरकंद का सेवन करते हैं, तो इससे आपको आयरन की कमी दूर करने में मदद मिलती है।
शकरकंद में फाइबर भी भारी मात्रा में पाया जाता है। ऐसे में रोजाना इसके सेवन से आपका पाचन तंत्र मजबूत होता है और कब्ज की समस्या से भी राहत मिलती है।