Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आसनसोल में आम का लालच देकर नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, सीआइएसएफ जवान गिरफ्तार

    By Rakesh Pradeep Upadhay Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Mon, 27 Apr 2026 03:51 PM (IST)

    CISF Jawan Arrestedः ईसीएल शीतलपुर के एक सीआइएसएफ जवान को नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में पाक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया ...और पढ़ें

    सीआइएसएफ जवान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शीतलपुर में प्रदर्शन करते लोग।

    सीआइएसएफ जवान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शीतलपुर में प्रदर्शन करते लोग।

    जागरण संवाददाता,आसनसोल। ईसीएल के शीतलपुर में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक जवान को नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास में पाक्सो एक्ट में गिरफ्तार कर सोमवार को आसनसाेल न्यायालय में पेश किया गया। जहां अदालत ने उसे जेल भेजने का निर्देश दिया। शीतलपुर सीआइएसएफ यूनिट के अनुसार घटना के बाद जवान को सस्पेंड कर दिया गया है।

    बताया जाता है कि रविवार को शीतलपुर सीआइएसएफ कैंप के पास दो नाबालिग बच्ची कच्चा आम तोड़ने के लिए एक सीआइएसएफ क्वार्टर के पास गई थी। उसी दौरान वहां सीआइएसएफ जवान रमाकांत विश्वकर्मा पहुंच गया और बच्चियों को आम देने का लालच दिया।

    इसके बाद वह दोनों नाबालिग को एक क्वार्टर में ले गया और पांच वर्षीय बच्ची को बाहर खड़ा कर दस वर्षीय नाबालिग को क्वार्टर के अंदर ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। नाबालिग बच्ची के चिल्लाने पर वह घबरा गया और अपनी स्कूटी लेकर वहां से फरार हो गया।

    नाबालिग बच्चियों ने घर जाकर इस घटना की जानकारी अपने स्वजनों को दी। जिसके बाद बच्ची के परिवार वाले व स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और शीतलपुर कैंप का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पीड़ित बच्ची के पिता की ओर से सांकतोडिया पुलिस फाडी में आरोपित जवान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

    खबरें और भी

    इसके पश्चात आक्रोशित लोगों ने रात को शीतलपुर मोड़ के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरु कर दिया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने कहा जब तक आरोपित जवान को गिरफ्तार नहीं किया जाता, सड़क जाम नहीं हटाया जाएगा।

    मामला गंभीर होता देख सांकतोडिया फाडी प्रभारी पुलिस बल के साथ शीतलपुर सीआइएसएफ कैंप पहुंचे और आरोपित जवान को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा आक्रोशित लोगों को जवान की गिरफ्तारी की जानकारी देने पर आक्रोशित लोग शांत हुए और सड़क जाम समाप्त किया।

    सोमवार सुबह सांकतोडिया पुलिस ने पाक्सो एक्ट के तहत आरोपित जवान रमाकांत विश्वकर्मा को आसनसोल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।