Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आसनसोल-दुर्गापुर के बीच दौड़ेगी एलिवेटेड मेट्रो, राइट्स ने शुरू किया सर्वे

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 12:57 PM (IST)

    Asansol–Durgapur Elevated Metro Project: आसनसोल-दुर्गापुर के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड मेट्रो परियोजना का सर्वे राइट्स कंपनी ने शुरू कर दिया है। ...और पढ़ें

    आसनसोल-दुर्गापुर के बीच मेट्रो रेल परियोजना को लेकर सर्वे शुरू। (प्रतीकात्मक फोटो)

    आसनसोल-दुर्गापुर के बीच मेट्रो रेल परियोजना को लेकर सर्वे शुरू। (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. राइट्स कंपनी ने एरियल मेट्रो परियोजना का सर्वे शुरू किया।

    2. आसनसोल-दुर्गापुर को स्मार्ट सिटी बनाने का लक्ष्य।

    3. अंडाल हवाई अड्डे और दामोदर पुल पर भी चर्चा हुई।

    जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। आसनसोल-दुर्गापुर के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड मेट्रो परियोजना को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। इसे लेकर पश्चिम बंगाल की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने दुर्गापुर स्थित आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) कार्यालय में समीक्षा बैठक की।

    Agnimitra Paul

    बैठक के बाद मंत्री पाल ने बताया कि परियोजना की टेक्नो-इकोनॉमिक स्टडी के लिए राइट्स संस्था को जिम्मेदारी सौंपी गई है और एजेंसी ने सर्वेक्षण का काम शुरू कर दिया है। बैठक शनिवार को हुई।

    बैठक में जिलाधिकारी पोन्नबलम एस, एडीडीए की सीईओ अदिति चौधरी, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी, रानीगंज के विधायक पार्थ घोष, जामुड़िया के विधायक डा. बिजन मुखर्जी, अरिजीत राय आदि मौजूद थे।

    बैठक में एडीडीए की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, औद्योगिक निवेश प्रस्ताव और भूमि संबंधी मुद्दों पर चर्चा की गई। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य सरकार आसनसोल और दुर्गापुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना चाहती है।

    इसके लिए दोनों शहरों के बीच आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में मेट्रो परियोजना पर काम शुरू किया गया है। सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार आगे की कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से औद्योगिक क्षेत्र में आवागमन अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।

    अंडाल हवाई अड्डे के विस्तार पर भी चर्चा 

    मंत्री ने कहा कि अंडाल हवाई अड्डे की संभावनाएं काफी उज्ज्वल हैं। बैठक में विभिन्न नए मार्गों पर उड़ानें शुरू करने, मौजूदा उड़ानों की संख्या बढ़ाने और कार्गो सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। कहा कि पहले से कई रूट पर विमान बंद है, उसे भी चालू किया जाएगा।

    खबरें और भी

    दामोदर नदी पर नए पुल की डीपीआर जल्द 

    अग्निमित्रा पाल ने बताया कि बर्नपुर और बांकुड़ा के सालतोड़ा के बीच दामोदर नदी पर प्रस्तावित पुल के निर्माण के लिए भी राइट्स सर्वे कर रही है। जल्द ही इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। डीपीआर के बाद काम आगे बढ़ेगा।

    सड़क परियोजनाओं की होगी समीक्षा 

    एडीडीए क्षेत्र में रुकी हुई सड़क परियोजनाओं पर मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को परेशानी से बचाने के लिए फिलहाल पावर ब्लाक बिछाकर आवागमन की व्यवस्था की जाएगी और मानसून समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

    विधाननगर में बनेगा आधुनिक बस स्टैंड

    विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने बताया कि विधाननगर में एक होटल के सामने पहले तोड़े गए बस स्टैंड के स्थान पर आधुनिक बस स्टैंड बनाया जाएगा। इसमें छत पर सोलर पैनल, माताओं के लिए शिशु स्तनपान कक्ष तथा डिजिटल विज्ञापन बोर्ड लगाए जाएंगे।

    उन्होंने कहा कि शहर के अन्य बस स्टैंडों पर भी डिजिटल बोर्ड लगाकर विज्ञापनों के माध्यम से राजस्व बढ़ाने की योजना बनाई गई है।