IISCO इस्पात संयंत्र में मोबाइल इस्तेमाल पर पाबंदी, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
IISCO Burnpur: स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के इस्को इस्पात संयंत्र ने कार्यक्षेत्र में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर तत्काल प्रभाव से पूरी तरह रोक लगा दी है।

IISCO इस्पात संयंत्र में मोबाइल इस्तेमाल पर पाबंदी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
इस्पात संयंत्र में कार्यक्षेत्र में मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध।
दुर्घटनाओं से बचाव और कर्मचारियों की सुरक्षा प्राथमिकता।
नियम उल्लंघन पर गेट पास जब्त सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, आसनसोल। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के इस्को इस्पात संयंत्र (Indian Iron & Steel Company Burnpur - IISCO )ने सुरक्षा को लेकर कड़ा कदम उठाया है। हाल में हुई दुर्घटनाओं के बाद संयंत्र प्रबंधन ने कार्यक्षेत्र और एक्टिव वर्किंग जोन के अंदर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर तत्काल प्रभाव से पूरी तरह रोक लगा दी है।
प्रबंधन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारी-भरकम मशीनों और सक्रिय उत्पादन क्षेत्रों के बीच मोबाइल का उपयोग कर्मचारियों का ध्यान भटका सकता है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना या जानमाल का नुकसान होने का गंभीर खतरा बना रहता है।
इस नियम के अनुसार संयंत्र के सभी शाप फ्लोर और एक्टिव वर्किंग जोन में मोबाइल के इस्तेमाल पर पूरी तरह पाबंदी है। मोबाइल का जरूरी इस्तेमाल अब केवल आफिस बिल्डिंग, आपरेशनल एरिया से बाहर बने विश्राम कक्षों या निर्धारित मोबाइल कियोस्क तक ही सीमित रहेगा।
नियमित कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों पर यह नियम समान रूप से लागू होगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले को तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, जिसमें सात दिनों के लिए गेट पास का जब्त किया जाना भी शामिल है।
सख्ती से पालन किया जाए नियम
जीएम सेफ्टी अभिजीत राय द्वारा 16 अक्टूबर को जारी इस एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि जिंदगी का एक पल का भटकाव किसी गंभीर दुर्घटना या मौत का कारण बन सकता है।
संयंत्र के सभी विभागाध्यक्षों को अपने अधीन आने वाले सभी कर्मचारियों और ठेका कर्मियों के बीच इस नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें- ईस्टर्न रेलवे का बड़ा फैसला: आसनसोल मंडल के स्टेशनों पर बहाल होंगे बुकिंग एजेंट, हर टिकट पर मिलेगा कमीशन
यह भी पढ़ें- कुल्टी की बेगुनिया दुर्गापूजा कमेटी को मिला 10 लाख का विशेष अनुदान, क्षेत्र में खुशी की लहर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।