देवघर श्रावणी मेला 2026: आरा-जसीडीह के बीच हर रविवार चलेगी स्पेशल मेमू ट्रेन, भीड़ नियंत्रण में मिलेगी मदद
रेलवे ने श्रावणी मेला 2026 के लिए जसीडीह से आरा के बीच विशेष मेमू ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पटना होते हुए हर रविवार को चलेगी, जिससे बाबा ...और पढ़ें

जसीडीह के आरा के बीच चलेगी मेमू। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
श्रावणी मेला 2026 के लिए विशेष मेमू ट्रेन।
जसीडीह से आरा तक पटना होते हुए चलेगी।
हर रविवार को श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा।
जागरण संवाददाता, आसनसोल। देवघर श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने जसीडीह से आरा के बीच विशेष मेमू ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन बिहार की राजधानी पटना होकर संचालित होगी, जिससे देवघर आने-जाने वाले कांवरियों और अन्य श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।
श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने आरा और जसीडीह के बीच प्रत्येक रविवार विशेष मेमू (एमईएमयू) ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। यह विशेष सेवा 9, 16, 23 और 30 अगस्त 2026 को उपलब्ध रहेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मेला अवधि में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। विशेष मेमू ट्रेन के परिचालन से जसीडीह, पटना और आरा के बीच यात्रा अधिक सुगम होगी तथा भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, 03270 आरा-जसीडीह श्रावणी मेला स्पेशल (एमईएमयू) प्रत्येक रविवार को आरा से रात 12:15 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:10 बजे जसीडीह पहुंचेगी। वहीं, 03269 जसीडीह-आरा श्रावणी मेला स्पेशल (एमईएमयू) जसीडीह से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर रात 11:45 बजे आरा पहुंचेगी।
रेलवे ने बताया कि दोनों विशेष मेमू ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग के सभी स्टेशनों पर ठहरेंगी, जिससे श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से समय पर स्टेशन पहुंचने तथा यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।