बंगाल: पत्नी ने तांत्रिक के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, सिर काटकर फेंका; 5 गिरफ्तार
दार्जिलिंग के बागडोगरा में एक व्यक्ति की सिर कटी लाश मिलने के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके तांत्रिक प्रेमी और तीन रिश्तेदारों को गिरफ्तार कि ...और पढ़ें

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या
HighLights
दार्जिलिंग में पति की निर्मम हत्या, सिर धड़ से अलग।
पत्नी, तांत्रिक प्रेमी सहित पांच आरोपी गिरफ्तार।
अवैध संबंध और तांत्रिक क्रियाओं के कारण हुई हत्या।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी: अंधविश्वास, अवैध संबंध और तांत्रिक क्रिया-कलापों का खौफनाक मिश्रण एक हत्याकांड में सामने आया है। बंगाल में दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा थाना अंतर्गत हंसखोआ चाय बागान में मिले सिर कटे शव की गुत्थी पुलिस ने मात्र दो दिनों में सुलझा ली है। हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी, उसके तांत्रिक प्रेमी और तीन रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह हंसखोआ चाय बागान के नौ नंबर सेक्शन से एक व्यक्ति का सिर कटा शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान इमाम के रूप में हुई, जो मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया का रहने वाला था। इमाम एक तांत्रिक था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश इमाम की पत्नी मोमिना बेगम और उसके प्रेमी सुदीप पाल ने रची थी। मोमिना बेगम भी तांत्रिक है और उसका मायका सिलीगुड़ी के ठोकर बाजार इलाके में है। पिछले लंबे समय से उसका बागडोगरा के मलय जोत निवासी सुदीप पाल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुदीप पाल भी तांत्रिक है। इमाम इन दोनों के बीच का कांटा बन गया था।
पत्नी और प्रेमी ने इमाम को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची
मोमिना ने अपने तीन रिश्तेदारों को भी इस हत्याकांड में शामिल कर लिया। रिश्तेदारों के बुलावे पर इमाम सोमवार शाम सिलीगुड़ी पहुंचा। तीनों आरोपित उसे बागडोगरा ले गए और वहां धारदार हथियार से उसकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने उसका सिर काट लिया। पुलिस ने गुरुवार को पांचों आरोपितों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया। अदालत ने सभी को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब लापता सिर और हत्या में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने में जुटी हुई है।
खबरें और भी
तांत्रिक कर्मकांड का भी हो सकता मकसद
पुलिस ने बताया है कि सिर काटने के पीछे तांत्रिक कर्मकांड का भी मकसद हो सकता है। तांत्रिक प्रेमी सुदीप पाल और मोमिना बेगम दोनों ही ऐसे कर्मकांडों में विश्वास रखते थे। सिर को तांत्रिक अनुष्ठानों में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। सिलीगुड़ी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले को काफी हद तक सुलझा लिया गया है। पांचों आरोपितों से सघन पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे का पूरा मकसद, साजिश की रूपरेखा और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।