बाईं ओर से ओवरटेक करना पड़ा भारी, मिक्सर ट्रक की चपेट में आने से बुलेट सवार की मौत
सिलीगुड़ी में निर्माणाधीन NH-10 पर बाईं ओर से ओवरटेक करते समय बुलेट सवार राजू छेत्री की मिक्सर ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

मिक्सर ट्रक की चपेट में आने से बुलेट सवार की मौत(फोटो: सोशल मीडिया)
HighLights
बुलेट सवार राजू छेत्री की मिक्सर ट्रक से टक्कर में मौत।
निर्माणाधीन NH-10 पर बाईं ओर से ओवरटेक करते समय हादसा।
बालू पर संतुलन बिगड़ने से ट्रक के पहिए के नीचे आया।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। निर्माणाधीन एनएच-10 पर बाईं ओर से ओवरटेक करना बुलेट सवार युवक की जान पर भारी पड़ गया। संकरी सर्विस रोड पर बालू में बाइक का संतुलन बिगड़ते ही युवक मिक्सर ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया। ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक भक्तिनगर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
दुर्घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शहर के चेक पोस्ट के निकट निर्माणाधीन एनएच-10 पर हुई। मृतक की पहचान राजू छेत्री के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, चेक पोस्ट से चंपासारी की ओर एक मिक्सर ट्रक जा रहा था। उसके पीछे-पीछे राजू छेत्री अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से चल रहे थे। चेक पोस्ट के बाद निर्माणाधीन फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर उन्होंने ट्रक को बाईं ओर से ओवरटेक करने का प्रयास किया।
इसी दौरान सड़क के किनारे फैली बालू पर बाइक का पहिया फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ा और मिक्सर ट्रक का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
खबरें और भी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर ट्रक को रुकवाया। सूचना मिलते ही भक्तिनगर ट्रैफिक गार्ड और भक्तिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी (ट्रैफिक) सुबीर दत्ता ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने युवक को तत्काल सेवक रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कालेज व अस्पताल भेज दिया है|
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बुलेट का पंजीकरण कालिम्पोंग जिला आरटीओ में है। मृतक के स्वजनों का पता लगाया जा रहा है। वहीं ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।