बंगाल में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 करोड़ रुपये के 142 kg जब्त वन्यजीव अंगों को जलाकर किया नष्ट
बंगाल वन विभाग ने जलपाईगुड़ी में 142 किलोग्राम जब्त वन्यजीव अंगों, जिनमें गैंडे के सींग और हाथी दांत शामिल थे, को जलाकर नष्ट कर दिया।

जलपाईगुड़ी में 142 किलो जब्त वन्यजीव अंग जलाए गए
HighLights
जलपाईगुड़ी में 142 किलो जब्त वन्यजीव अंग जलाए गए
गैंडे के सींग, हाथी दांत सहित 100 करोड़ के अंग नष्ट
अवैध वन्यजीव व्यापार के खिलाफ सख्त संदेश दिया गया
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। बंगाल में वन विभाग की ओर से जलपाईगुड़ी के जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में लंबे समय से जब्त किए गए वन्यजीवों के अंगों को नष्ट किया गया। करीब 142 किलोग्राम वजन वाले गैंडे के सींग, हाथी दांत और अन्य वन्यजीव अंग को जलाकर नष्ट कर दिया गया।
वन विभाग के अनुसार जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 100 करोड़ रुपये थी। संस्कृत मंत्रोच्चार के बीच इन जब्त वन्यजीव अंगों का दहन किया गया। वन विभाग ने बताया कि जब्त सामग्री को नष्ट करने का उद्देश्य अवैध वन्यजीव व्यापार के खिलाफ सख्त संदेश देना है।
साथ ही समाज में फैली उस धारणा को खत्म करना है कि गैंडे के सींग या हाथी दांत जैसी वस्तुओं की कोई आर्थिक अथवा औषधीय उपयोगिता होती है। वन्यजीवों के अंगों की मांग ही शिकार और तस्करी को बढ़ावा देती है।
इस मौके पर बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वन्यजीवों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जंगल और वन्यजीव प्राकृतिक संपदा हैं।
उन्होंने अधिकारियों को शिकारियों और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की हत्या कर उनके अंगों को ऊंची कीमत पर बेचने की गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
