'बंगाल में भाजपा की जीत पर गोतम अदाणी ने बांटी थी 10 लाख रुपये की मिठाई' सीएम शुभेंदु का बड़ा दावा
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत के बाद गौतम अदाणी ने 10 लाख रुपये ...और पढ़ें
-1787855629655_m.webp)
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी।
HighLights
अदाणी ने भाजपा की जीत पर 10 लाख की मिठाई बांटी।
शुभेंदु अधिकारी ने अदाणी के फोन कॉल का जिक्र किया।
बंगाल में अदाणी समूह के निवेश की संभावना बढ़ी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद उद्योगपति व अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कथित तौर पर 10 लाख रुपये की मिठाई बांटी थी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को यहां एक बांग्ला समाचार चैनल के कार्यक्रम में उद्योग और निवेश पर चर्चा के दौरान अदाणी से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए यह दावा किया।
शुभेंदु के अनुसार, बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम चार मई को घोषित होने के अगले दिन पांच मई को गौतम अदाणी ने उन्हें फोन किया था। शुभेंदु ने अदाणी के कथित शब्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने फोन पर कहा था कि हम आज गर्वित भारतीय हैं। देश बच गया। कल हमने 10 लाख रुपये की मिठाई बांटी थी।
शुभेंदु ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए दावा किया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कई बार उद्योग सम्मेलन आयोजित होने के बावजूद राज्य में अपेक्षित औद्योगिक निवेश नहीं आया। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में मई में हुए सत्ता परिवर्तन व भाजपा की सरकार बनने के बाद उद्योग जगत की राज्य में रुचि बढ़ी है और अदाणी समूह भी राज्य में कई परियोजनाओं को लेकर सक्रिय हुआ है।
शुभेंदु ने कहा कि अदाणी समूह के प्रतिनिधि कई बार बंगाल आए हैं और न्यूटाउन में समूह की ओर से अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया। साथ ही कहा कि पूर्व मेदिनीपुर जिले के दादनपात्रबार में प्रस्तावित गहरे समुद्री बंदरगाह के निर्माण को लेकर भी अदाणी समूह ने रूचि दिखाई है और लंबे समय से चली आ रही भूमि संबंधी जटिलताएं दूर हुई हैं। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य में निवेश के बदलते माहौल के संकेत के तौर पर पेश किया।
