विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में 1.65 करोड़ महिलाओं खाते में कब आएगी अन्नपूर्णा योजना की किस्त? सीएम शुभेंदु ने दिया अपडेट

Published: Thu, 05 Nov 2026 02:29 PM (IST)

बंगाल सरकार कालीपूजा से पहले 1.65 करोड़ महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में अन्नपूर्णा योजना की नवंबर की किस्त भेजेगी।

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी। (फोटो- एएनआई।)

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी। (फोटो- एएनआई।)

HighLights

  1. 1.65 करोड़ महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना की किस्त।

  2. कालीपूजा से पहले मिलेगी नवंबर की आर्थिक सहायता।

  3. आवास योजना, भरोसा योजना का भी लाभ मिलेगा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दिवाली और कालीपूजा से पहले बंगाल में एक करोड़ 65 लाख महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में अन्नपूर्णा योजना की नवंबर की किस्त भेजी जाएगी। साथ ही अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को भी आर्थिक सहायता राशि कालीपूजा से पहले ही दी जाएगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई अन्नपूर्णा योजना के तहत प्रत्येक महिला लाभार्थी को 3,000 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता दी जाती है। इस प्रकार नवंबर की किस्त के भुगतान पर राज्य सरकार करीब 4,950 करोड़ रुपये खर्च करेगी। सामान्य तौर पर महीने के दूसरे सप्ताह में यह राशि भेजी जाती है, लेकिन आठ नवंबर को कालीपूजा होने के कारण इस बार त्योहार से पहले भुगतान करने की तैयारी की गई है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों के साथ आवास योजना के हितग्राहियों को भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सरकार का प्रयास है कि त्योहार से पहले लाभार्थियों के खातों में राशि पहुंच जाए, ताकि वे अपनी जरूरतों के लिए इसका उपयोग कर सकें।

आवास योजना के 7.20 लाख लाभार्थियों को 13 नवंबर को किस्त

राज्य सरकार की आवास योजना के लाभार्थियों के लिए भी मुख्यमंत्री ने घोषणा की। बंगाल आवास योजना की दूसरी किस्त 13 नवंबर को जारी करने का कार्यक्रम है। इससे करीब सात लाख 20 हजार परिवारों को लाभ मिलेगा। इस चरण में राज्य सरकार लगभग 4,200 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इससे पहले इन लाभार्थियों को योजना की पहली किस्त दी जा चुकी है।

बेरोजगार युवाओं के लिए भरोसा योजना शुरू करने की भी तैयारी

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में भी पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्नातक और गैर-स्नातक बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए 'भरोसा योजना' तैयार की जा रही है।

हालांकि, इसके तहत कितनी आर्थिक सहायता दी जाएगी, पात्रता की शर्तें क्या होंगी और आवेदन की प्रक्रिया कब शुरू होगी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी नहीं दी गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले इस प्रस्ताव को मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाएगा। वहां मंजूरी मिलने के बाद योजना लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

आयुष्मान भारत से 2.20 लाख लोगों ने कराया इलाज

स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य के 4 करोड़ 20 लाख नागरिकों को आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध कराया गया है। उनके अनुसार, चार नवंबर तक इस कार्ड के माध्यम से 2 लाख 20 हजार लोगों ने उपचार कराया है। इनमें राज्य के बाहर रहने वाले बंगाल के करीब 6,000 नागरिक भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उपचार पर होने वाले खर्च का 60 प्रतिशत केंद्र और शेष 40 प्रतिशत राज्य सरकार वहन कर रही है। इस मद में राज्य सरकार की ओर से अब तक 23 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: सरकारी कर्मचारियों को साल में अब 50 की जगह मिलेंगी 40 छुट्टियां, सीएम शुभेंदु अधिकारी का बड़ा फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।