ISF छोड़ने के अगले ही दिन अराबुल इस्लाम की गाड़ी पर बम और ईंट-पत्थरों से हमला, बाल-बाल बचे पूर्व विधायक
इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) से इस्तीफा देने के एक दिन बाद ही पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक अराबुल इस्लाम की गाड़ी ...और पढ़ें

अराबुल इस्लाम की गाड़ी पर बम और ईंट-पत्थरों से हमला(फोटो: सोशल मीडिया)
HighLights
पूर्व विधायक अराबुल इस्लाम की गाड़ी पर बम-पत्थरों से हमला।
आईएसएफ छोड़ने के अगले ही दिन हुई यह घटना।
अराबुल ने हमले का आरोप आईएसएफ समर्थकों पर लगाया।
राज्य ब्यूरो, जागरण कोलकाता। इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) से इस्तीफा देने के एक दिन बाद ही दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक अराबुल इस्लाम की गाड़ी पर शनिवार रात देसी बम और ईंट-पत्थर से हमला किए जाने का आरोप सामने आया है।
हालांकि, अराबुल इस्लाम बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं लगी। हमले में उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। पुलिस ने रविवार को घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया गया कि घटना भांगड़ के पोलरहाट थाना क्षेत्र के उरियापाड़ा में उस वक्त हुई जब अराबुल रात में घर लौट रहे थे।
आरोप है कि बड़ा कब्रिस्तान पार करने के बाद युवकों के एक समूह ने अंधेरे में उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर बम और ईंट-पत्थर फेंके। घटना से इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।किसी तरह अराबुल इलाके से निकलने में सफल रहे।
गाड़ी पर हमले के बाद अराबुल ने इसके पीछे आईएसएफ समर्थित उपद्रवियों का हाथ होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में आईएसएफ की ओर से अब तक सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। पुलिस के अनुसार, हमले के पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
मालूम हो कि शुक्रवार को ही अराबुल ने आईएसएफ छोड़ने की घोषणा की थी। इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर उन्होंने पार्टी पर तानाशाही और एकतंत्रवाद का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की जानकारी दी थी।
उन्होंने भांगड़ में लोगों पर कथित अत्याचार और अनाचार के खिलाफ विरोध जताते हुए पार्टी छोड़ने की बात कही थी।विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अराबुल ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर आइएसएफ का दामन थामा था।
