'दिमागी नक्सलियों के खिलाफ सफाई अभियान जारी रखे ABVP, ब्लीचिंग पाउडर-फिनाइल हम देंगे'; सीएम शुभेंदु का तंज
उत्तर कोलकाता के मानिकतला में कालीपूजा का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं की जमकर प्रशंसा की।

HighLights
छात्र संगठनों के बीच हो रहा टकराव
सीएम का अभियान को जारी रखने का आह्वान
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से कोलकाता के जादवपुर और प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय में सक्रिय उन तत्वों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखने को कहा, जिन्हें उन्होंने 'टुकड़े-टुकड़े गैंग', 'अरशोला', 'छारपोक' (काकरोच व खटमल) और 'दिमागी नक्सल' करार दिया।
मुख्यमंत्री ने तीखे व तंज भरे अंदाज में कहा कि दिमागी नक्सलियों और अन्य देश विरोधी तत्वों की सफाई के लिए ब्लीचिंग पाउडर और फिनाइल समेत जो भी जरूरी होगा, राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी।
कालीपूजा के बाद कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की
उत्तर कोलकाता के मानिकतला में कालीपूजा का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े छात्र संगठनों में शामिल एबीवीपी के राष्ट्रवादी कार्यकर्ता जादवपुर और प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय में कथित तौर पर टुकड़े-टुकड़े गैंग, कश्मीर की आजादी के नारे लगाने वाले और 'दिमागी नक्सल' तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं।
अभियान जारी रखने का आह्वान
उन्होंने इस अभियान को जारी रखने का आह्वान किया। शुभेंदु ने कहा कि शिक्षण संस्थानों (विश्वविद्यालयों) में जहां भी ऐसे तत्व मौजूद हैं, उन्हें साफ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्लीचिंग पाउडर, फिनाइल और जो भी जरूरी होगा, हम उपलब्ध कराएंगे। सफाई करनी होगी।
कोलकातावासियों को भी किया सतर्क
इसके बाद अहिरीटोला में एक अन्य कालीपूजा के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने कोलकातावासियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शहर की गलियों में जगह-जगह 'अरशोला' और 'छारपोक' (काकरोच और खटमल) घूम रहे हैं। लोगों को उनसे दूर रहना चाहिए।
राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बंगाल में राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने 34 वर्षों तक वाममोर्चा और इसके बाद 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस सरकार का शासन देखा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री विधानचंद्र राय ने बंगाल के विकास के लिए जो काम किए थे, उन्हें बाद की सरकारों ने नष्ट कर दिया।
छात्र संगठनों के बीच हो रहा टकराव
गौरतलब है कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में एबीवीपी और वामपंथी समेत अन्य छात्र संगठनों के बीच टकराव की घटनाएं सामने आई हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु जादवपुर विश्वविद्यालय में वर्षों से सक्रिय अति वामपंथी विचारधारा वाले छात्र संगठनों और उनके समर्थकों को निशाना बनाते हुए लगातार हमलावर हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।