Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बंगाल चुनाव का दूसरा चरण: 142 सीटों के लिए 1448 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 2 लाख से अधिक जवान

    Updated: Tue, 28 Apr 2026 11:30 PM (IST)

    बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को 7 जिलों की 142 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में 1448 प्रत्याशी मैदान में हैं। ...और पढ़ें

    बंगाल चुनाव का दूसरा चरण।

    बंगाल चुनाव का दूसरा चरण।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण के तहत बुधवार को सात जिलों की 142 सीटों के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा में वोट पड़ेंगे। गत 23 अप्रैल को पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से 93.19 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान हुआ था। इनमें अधिकांश उत्तर बंगाल के जिले थे।

    अब दक्षिण बंगाल के सात जिलों में वोट पड़ेंगे। इन जिलों में शांतिपूर्ण मतदान कराना चुनाव आयोग के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। आयोग ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।

    इस चरण में केंद्रीय बलों की 2,231 कंपनियों यानी दो लाख से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। साथ ही करीब 40 हजार पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहेंगे। कोलकाता में सबसे अधिक (273) कंपनियां तैनात रहेंगी।

    मतदान केंद्रों के अंदर व बाहर सीसीटीवी से नजर

    पहले चरण में मतदान केंद्रों के अंदर व बाहर सीसीटीवी लगाए गए थे। दूसरे चरण में सुरक्षा और कड़ी करते हुए बूथों पर जाने के रास्तों में भी सीसीटीवी लगाए गए हैं। यही नहीं, ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। इस चरण में पुलिस पर्यवेक्षकों की संख्या भी 84 से बढ़ाकर 95 की गई है।

    भवानीपुर पर सबकी नजर

    दूसरे चरण में सबकी नजर कोलकाता की भवानीपुर सीट पर रहेगी, जहां मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी में मुकाबला है। सुवेंदु नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां पहले चरण में मतदान हो चुका है। सुवेंदु ने 2021 के चुनाव में नंदीग्राम में ममता को हराया था।

    दूसरे चरण में कुल 1,448 प्रत्याशी

    दूसरे चरण में कुल 1,448 प्रत्याशी हैं, जिनमें फिरहाद हकीम, अरूप बिश्वास, जावेद खान, सुजीत बसु, चंद्रिमा भट्टाचार्य, शशि पांजा समेत ममता सरकार के कई मंत्री, बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार, माकपा की तेज-तर्रार नेता मीनाक्षी मुखर्जी व दीप्शिता धर और आइएसएफ के नौशाद सिद्दीकी शामिल हैं।

    खबरें और भी

    आरजी कर अस्पताल में दुष्कर्म व हत्या की शिकार हुईं डॉक्टर की मां व संदेशखाली आंदोलन का चेहरा रेखा पात्र भी अंतिम चरण की प्रत्याशी हैं।

    गर्मी के बाद अब बारिश की चुनौती

    पहले चरण के मतदान के दिन भीषण गर्मी का प्रकोप देखा गया था। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री पर पहुंच गया था, लेकिन लोगों ने इसे धता बताकर जमकर वोट डाले थे।

    दूसरे चरण में मौसम विभाग ने बुधवार को मतदान वाले समस्त जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसे लेकर सतर्कता भी जारी की गई है। आयोग को विश्वास है कि दूसरे चरण में वोट प्रतिशत और बढ़ेगा और नया रिकार्ड बनेगा।

    यह भी पढ़ें- UP के 'सिंघम' Vs बंगाल का 'पुष्पा': IPS अजय पाल शर्मा और जहांगीर खान मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?