बंगाल के एसएससी ग्रुप-सी, डी भर्ती घोटाले में ईडी की नई चार्जशीट, पार्थ चटर्जी समेत तीन नाम
ईडी ने बंगाल एसएससी ग्रुप-सी और ग्रुप-डी भर्ती घोटाले में नई चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी, अर्पिता मुखर्जी और कुंतल घोष समेत अन्य आरोपितों के नाम हैं।

बंगाल के एसएससी ग्रुप-सी, डी भर्ती घोटाले में ईडी की नई चार्जशीट।
HighLights
ईडी ने बंगाल एसएससी भर्ती घोटाले में नई चार्जशीट दाखिल की।
पार्थ चटर्जी, अर्पिता मुखर्जी, कुंतल घोष समेत कई नाम शामिल।
घोटाले में 630.40 करोड़ रुपये की अपराध राशि का अनुमान।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। ईडी ने बंगाल एसएससी ग्रुप-सी और ग्रुप-डी कर्मचारी भर्ती घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नई चार्जशीट दाखिल की है। इसमें पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, उनकी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी और निष्कासित तृणमूल नेता कुंतल घोष समेत अन्य आरोपितों के नाम हैं।
पूरक अभियोजन शिकायत गत 20 अगस्त को कोलकाता की विशेष पीएमएलए अदालत में दाखिल की गई। इस मामले में ईडी ने जनवरी 2025 में पहली चार्जशीट दाखिल की थी।
ईडी के अनुसार, तत्कालीन शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी का डब्ल्यूबीसीएसएससी और संबद्ध संस्थानों पर व्यापक अधिकार था। आरोप है कि उनके निर्देश पर अयोग्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर बिचौलियों के माध्यम से सिफारिश और नियुक्ति पत्र जारी कराए गए। ग्रुप-सी के लिए 15-16 लाख और ग्रुप-डी के लिए 10-12 लाख रुपये तक लेने का आरोप है।
630.40 करोड़ रुपये की अपराध राशि
जांच एजेंसी ने ओएमआर आधारित परीक्षा परिणामों में हेरफेर और रैंक में उछाल देकर नियुक्तियां कराने का भी आरोप लगाया है। ईडी के मुताबिक, मामले में अपराध से अर्जित धन की राशि 630.40 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो आगे बढ़ सकती है। अप्रैल 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया को धोखाधड़ी से प्रभावित मानते हुए 25 हजार से अधिक नियुक्तियां रद कर दी थीं।
