Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बंगाल में बनेगा नया विधानसभा भवन, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रस्ताव को स्पीकर ने दी मंजूरी

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 10:10 PM (IST)

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नए विधानसभा भवन के निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिसे स्पीकर रथींद्र बोस ने मंजूरी दे दी। ...और पढ़ें

    बंगाल में बनेगा नया विधानसभा भवन। (पीटीआई)

    बंगाल में बनेगा नया विधानसभा भवन। (पीटीआई)

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री ने नए विधानसभा भवन के निर्माण का प्रस्ताव दिया।

    2. स्पीकर ने कोलकाता के न्यूटाउन में 40 एकड़ पर मंजूरी दी।

    3. भविष्य में विधायकों की संख्या बढ़ने पर जगह की कमी होगी।

    राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) रथींद्र बोस से भविष्य के लिए नया विधानसभा भवन बनाने की तैयारी अभी से शुरू करने का अनुरोध किया।

    विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री ने नए विधानसभा भवन के निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिसे स्वीकार करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस ने सदन में घोषणा की कि कोलकाता से सटे न्यूटाउन में 40 एकड़ जमीन पर नया भवन बनाया जाएगा।

    बजट सत्र के अंतिम दिन सदन की कार्यवाही के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा की तर्ज पर नए विधानसभा भवन की जरूरत है।

    उन्होंने कहा कि भविष्य में परिसीमन और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने के बाद बंगाल में विधानसभा सीटों की की संख्या 294 से बढ़कर 400 से अधिक हो सकती है। ऐसे में मौजूदा विधानसभा भवन में सभी विधायकों के बैठने की पर्याप्त जगह नहीं होगी। इसलिए अभी से इसकी योजना बनाना जरूरी है।

    मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि सभी दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित स्थल (जमीन) का निरीक्षण कर अभी से प्रारंभिक योजना तैयार की जाए। साथ ही पीडब्ल्यूडी और अन्य निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को भी निरीक्षण में शामिल करने को कहा।

    मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री की मौजूदगी में भरोसा दिलाया कि नए विधानसभा भवन के निर्माण के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

    उन्होंने कोविड काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय शारीरिक दूरी के कारण विधायकों को दूर-दूर बैठाना पड़ा था और सीटें गैलरी तक पहुंच गई थीं। इससे भी भविष्य में विधानसभा भवन के विस्तार की जरूरत का अंदाजा लगाया जा सकता है।

    खबरें और भी

    गौरतलब है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में न्यूटाउन में करीब 40 एकड़ जमीन आवंटित की गई थी। इसी परिसर में विधानसभा भवन, विधायकों के आवास और विधानसभा सचिवालय बनाने की प्रारंभिक तैयारी की गई थी। अब इसी परिसर में आधुनिक सुविधाओं से लैस नया विधानसभा भवन बनाने की योजना है।

    मौजूदा विधानसभा भवन को भी रखा जाएगा संरक्षित

    मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान विधानसभा भवन का अपना ऐतिहासिक महत्व है और नए भवन के निर्माण के बाद भी इसकी विरासत को संरक्षित रखा जाएगा, क्योंकि यह एक हेरिटेज इमारत है। उन्होंने संकेत दिया कि पुराने विधानसभा भवन के भविष्य के उपयोग पर सरकार समय के साथ विचार करेगी।

    इसके अलावा उन्होंने विधायक आवास और विधानसभा कैंटीन की सुविधाओं में सुधार की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने न्यूटाउन इलाके में ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए विधायक आवास बनाने की दिशा में भी कदम उठाने का अनुरोध किया।

    मुख्यमंत्री ने नए विधायकों को विधानसभा की लाइब्रेरी का उपयोग कर अपने ज्ञान को समृद्ध करने की भी सलाह दी। साथ ही विधायकों की उपस्थिति और प्रदर्शन की जानकारी सार्वजनिक करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से एक नई वेबसाइट तैयार करने का भी अनुरोध किया।

    साथ ही मंत्रियों की विधानसभा में नियमित उपस्थिति पर जोर देते हुए अध्यक्ष से अनुरोध किया कि यदि पर्याप्त संख्या में मंत्री उपस्थित न हों तो सदन की कार्यवाही स्थगित करने पर विचार किया जाए। मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी के विधायकों से भी सदन में अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।