विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल सीमा पर BSF की बड़ी कार्रवाई, 17.40 करोड़ के सोने के साथ बांग्लादेशी तस्कर गिरफ्तार

Published: Sun, 06 Sep 2026 08:08 PM (IST)

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर एक बांग्लादेशी नागरिक को 17.40 करोड़ ...और पढ़ें

17.40 करोड़ के सोने के बिस्किटों के साथ बांग्लादेशी को गिरफ्तार

17.40 करोड़ के सोने के बिस्किटों के साथ बांग्लादेशी को गिरफ्तार

HighLights

  1. बीएसएफ ने नदिया सीमा पर बांग्लादेशी नागरिक पकड़ा।

  2. 17.40 करोड़ के 89 सोने के बिस्कुट जब्त किए।

  3. आरोपी व सोना डीआरआइ को सौंपा गया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा है।

उसके कब्जे से बांग्लादेश से तस्करी कर लाए गए 17.40 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के 89 बिस्कुट बरामद किए गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई नदिया में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास हलदरपाड़ा सीमा चौकी क्षेत्र में की गई।

बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, पांच सितंबर, शनिवार की शाम हलदरपाड़ा क्षेत्र में गश्त कर रही 32वीं बटालियन के जवानों ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 89 सोने के बिस्कुट बरामद हुए। इनका कुल वजन 11.28 किलोग्राम से अधिक बताया गया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 17.40 करोड़ रुपये है।

प्रारंभिक जांच में सोने के बिस्कुटों को सीमा पार से तस्करी कर भारत लाए जाने की बात सामने आई है। बीएसएफ ने आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक व जब्त सोने को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) के अधिकारियों को सौंप दिया है।

बीएसएफ के अनुसार, सीमा पार से होने वाली तस्करी और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया है। बल के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की टीमों ने अगस्त 2023 से अब तक 120 किलोग्राम से अधिक सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि भारत- बांग्लादेश सीमा पर तस्करी रोकने के लिए निगरानी और अभियान लगातार जारी हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही सीमा क्षेत्र में विशेष टीमों की तैनाती कर कार्रवाई की जा रही है।