विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सुवेंदु ने ममता पर लगाया विभाजन की राजनीति का आरोप, कहा- मुख्यमंत्री की संकीर्ण सोच देश के लिए बहुत खतरनाक

By Jagran NewsEdited By: Amit Singh
Updated: Sat, 26 Aug 2023 11:30 PM (IST)

सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह इसरो के वैज्ञानिकों को भी बंगाली - गैर बंगाली बनाने की कोशिश कर र ...और पढ़ें

चंद्रयान मिशन में बंगाल के लगभग दो दर्जन वैज्ञानिक शामिल रहे हैं।
चंद्रयान मिशन में बंगाल के लगभग दो दर्जन वैज्ञानिक शामिल रहे हैं।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता: चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर जारी सियासत के बीच बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह इसरो के वैज्ञानिकों को भी बंगाली - गैर बंगाली बनाने की कोशिश कर रही हैं।

कलकत्ता हाई कोर्ट की अनुमति से अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर के खेजुरी में एक सभा को संबोधित करते हुए सुवेंदु ने ममता पर विभाजन की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की यह संकीर्ण सोच देश के लिए बहुत खतरनाक है।

ममता बनर्जी राष्ट्र विरोधी: सुवेंदु

सुवेंदु ने कहा- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के हमारे वैज्ञानिकों ने चंद्रयान- 3 को चंद्रमा के दक्षिण हिस्से में पहली बार सफल लैंडिंग कराकर पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। ममता बनर्जी इसरो वैज्ञानिकों को भी बंगाली - गैर बंगाली के नजरिए से देख रही है और इसपर राजनीति कर रही हैं। सुवेंदु ने इसे देश के लिए खतरनाक सोच बताते हुए यहां तक कहा कि ममता बनर्जी राष्ट्र विरोधी हैं। ममता ने बार-बार विभाजन की राजनीति की है।

बता दें कि चंद्रयान मिशन में बंगाल के लगभग दो दर्जन वैज्ञानिक शामिल रहे हैं। ममता बनर्जी व उनकी पार्टी लगातार इसकी चर्चा कर रही है। ममता ने चंद्रयान मिशन का हिस्सा रहे प्रत्येक बंगाली वैज्ञानिकों को पत्र लिखकर भी बधाई दी है।

महिलाओं को 2000 रुपये देने का वादा

सुवेंदु ने सभा में यह भी वादा किया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को मासिक 2000 रुपये मिलेंगे। सुवेंदु ने कहा कि 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद लक्ष्मी भंडार योजना में ममता सरकार महिलाओं को जो 500 रुपये दे रही है, वह रकम बहुत नगण्य है। 500 से कुछ नहीं होता। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस दिन भाजपा सत्ता में आएगी पहली कैबिनेट में 2000 रुपये दिए जाने का फैसला लिया जाएगा।

ममता को पूर्व सीएम बनाकर रहूंगा

सुवेंदु ने इस दौरान ममता व उनके सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने फिर दोहराया कि ममता बनर्जी को पूर्व मुख्यमंत्री बनाने की उनकी लड़ाई जारी रहेगी। सुवेंदु ने पुलिस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तृणमूल के इशारे पर पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामले में फंसाकर लगातार परेशान करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा उम्मीदवारों को तृणमूल पैसे के बल पर पार्टी में शामिल कराने की कोशिश कर रही है। इससे तृणमूल को कोई लाभ नहीं मिलेगा।