विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल पुलिस में बड़ा फेरबदल, CID के एडीजी सुप्रतिम सरकार समेत 28 IPS अधिकारियों का तबादला

Published: Tue, 14 Jul 2026 02:41 PM (IST)

बंगाल सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव किया है। 28 आईपीएस और पांच पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा (डब्ल्यूबीपीएस) अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है।

बंगाल पुलिस में फेरबदल (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बंगाल पुलिस में फेरबदल (प्रतीकात्मक तस्वीर)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार ने मंगलवार को राज्य पुलिस के शीर्ष स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। 28 आईपीएस और पांच पश्चिम बंगाल पुलिस सेवा (डब्ल्यूबीपीएस) अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। राज्य के गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की गई है।

किसे कहां मिली तैनाती?

तबादले के तहत कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त रह चुके वरिष्ठ आईपीएस सुप्रतिम सरकार को सीआईडी के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) के पद से हटाकर उन्हें राज्य पुलिस में एडीजी (दूरसंचार) नियुक्त किया गया है। उनके पास एडीजी (आईबी) का भी अतिरिक्त प्रभार था।

वहीं, जेल सुधार सेवाओं के महानिदेशक एन. रमेश बाबू को सीआईडी का महानिदेशक एवं महानिरीक्षक (डीजी एवं आइजी) बनाया गया है। उन्हें जेल सुधार सेवाओं के महानिदेशक का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव के तहत अब तक उत्तर बंगाल क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) की जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ व तेजतर्रार आईपीएस के. जयरामन को राज्य के आर्थिक अपराध अन्वेषण निदेशालय का निदेशक नियुक्त किया गया है। जयरमन उत्तर बंगाल रिजन के एडीजी व आइजी पद पर थे।

त्रिपुरारी की जगह लेंगे अमित कुमार

इसके अलावा, अमित कुमार राठौड़ को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त (सीपी) नियुक्त किया गया है। वह त्रिपुरारी अथर्व का स्थान लेंगे। विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के सीपी पद से हटाए गए त्रिपुरारी अथर्व को राज्य पुलिस के ट्रैफिक व सड़क सुरक्षा का एडीजी बनाया गया है। वरिष्ठ आइपीएस प्रवीण कुमार त्रिपाठी को एसटीएफ के आइजी पद से हटाकर आइजी (होम गार्ड) बनाया गया है। उनकी जगह सुधीर कुमार नीलकंठम को एसटीएफ का आइजी बनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल में हुए बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने सुप्रतिम सरकार को कोलकाता पुलिस आयुक्त के पद से हटाकर स्थानांतरित किया था। राज्य सरकार की ओर से किए गए इस व्यापक फेरबदल को राज्य पुलिस प्रशासन में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।