बंगाल कैमक स्ट्रीट झड़प मामले में कोलकाता पुलिस का एक्शन, पूर्व TMC विधायक हुमायूं कबीर को समन
कोलकाता पुलिस ने कैमक स्ट्रीट पर बिलबोर्ड हटाने के दौरान हुई झड़प के मामले में पूर्व आईपीएस अधिकारी और तृणमूल के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर को समन भेजा है।

तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर।
HighLights
पूर्व विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने समन भेजा।
कैमक स्ट्रीट बिलबोर्ड हटाने के दौरान हुई थी झड़प।
शेक्सपियर सरणी थाने में पेश होने का निर्देश।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय वाले भवन से बिलबोर्ड हटाने के दौरान हुई झड़प के मामले में कोलकाता पुलिस ने पूर्व आईपीएस अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर को समन भेजा है। उन्हें बुधवार दोपहर शेक्सपियर सरणी थाने में जांच अधिकारियों के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है।
रविवार को शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस टीम दक्षिण कोलकाता के कसबा स्थित हुमायूं कबीर के घर पहुंची और उन्हें नोटिस सौंपा। इससे पहले भी पुलिस दो बार नोटिस देने उनके घर गई थी, लेकिन उस समय वह वहां मौजूद नहीं थे।
सूत्रों के अनुसार, कबीर ने पुलिस टीम से कहा कि वह सोमवार को ही थाने में पेश होना चाहते हैं और दोपहर 1:30 बजे पहुंच सकते हैं। 27 अगस्त को मध्य कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित एक इमारत की छत से तृणमूल का कथित अवैध बिलबोर्ड हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे थे।
इस दौरान अभिषेक बनर्जी के कार्यालय के निजी सुरक्षा कर्मचारियों, उनके समर्थकों और तृणमूल के कुछ नेताओं की पुलिस तथा कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों से झड़प हो गई थी। मामले में शेक्सपियर सरणी थाने में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें हुमायूं कबीर का नाम भी शामिल है। इस मामले में सुमित राय को सोमवार और डेरेक ओ'ब्रायन को मंगलवार को फिर से पुलिस के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है।
