कार में लिफ्ट देकर महिला से दरिंदगी, फिर शरीर पर पेट्रोल डाल लगाई आग; पश्चिम बंगाल से दिल दहला देनेवाली वारदात
झाड़ग्राम में एक अधेड़ विधवा महिला को कार में बैठाकर जंगल में दुष्कर्म किया गया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने पुलिस क ...और पढ़ें

झाड़ग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात: विधवा से दुष्कर्म कर जिंदा जलाने की कोशिश।
HighLights
महिला को कार में बैठाकर जंगल ले जाकर दुष्कर्म किया गया।
दुष्कर्म के बाद पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रौनक पांडा को गिरफ्तार किया।
संवाद सूत्र, खड़गपुर। झाड़ग्राम जिले के बेलियाबेड़ा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक अधेड़ विधवा महिला को कार में बैठाकर जंगल ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी ने महिला के शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और उसे मरने के लिए छोड़कर फरार हो गया।
गंभीर रूप से झुलसी महिला किसी तरह भागकर सड़क पर पहुंची और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बताई। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता बेलियाबेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं। जीविका के लिए वह ओडिशा में एक परिवार के यहां रसोइया का काम करती हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। एक बेटा बाहर काम करता है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है।
'काकी' कहकर संबोधित किया और गंतव्य पर छोड़ देने की बात कह बैठा लिया
महिला अक्सर अपनी बेटी के घर आती-जाती रहती थीं। कल दोपहर वह अपनी बेटी के घर से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान गांव का ही निवासी रौनक पांडा चारपहिया वाहन लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने महिला को 'काकी' कहकर संबोधित किया और रास्ते में छोड़ देने की बात कहकर कार में बैठा लिया।
गांव का परिचित युवक होने के कारण महिला ने उस पर भरोसा कर लिया। आरोप है कि रास्ते में महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद उसे बाहारुना के जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया गया।
खबरें और भी
वारदात के बाद आरोपी ने महिला के शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और फरार हो गया। आग की तपिश से महिला को होश आया। वह जलती हुई हालत में किसी तरह जंगल से बाहर निकलकर कुछ दूरी पर सड़क पर पहुंची, जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मदद मांगी। पुलिस ने तत्काल उसे बचाकर पहले तपसिया ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया।
झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज में पीड़िता की हालत चिंताजनक
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर बेलियाबेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रौनक पांडा को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश किए जाने के बाद न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पीड़िता की बेटी ने बताया कि उसकी मां गांव के युवक होने के कारण रौनक पर भरोसा कर उसकी कार में बैठ गई थीं, लेकिन उसने जघन्य अपराध किया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर दुष्कर्म, हत्या के प्रयास तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।