कोलकाता में रील के चक्कर में हैवानियत: किशोर की आंखों पर बांधी पट्टी, हेलमेट पहनाकर जिंदा जला डाला
इंटरनेट पर रील बनाने की सनक में युवकों ने पहले नाबालिग की आंखों पर पट्टी बांध दी फिर उसे लगातार ...और पढ़ें

एआई इमेज।
HighLights
परिवार ने दर्ज कराई शिकायत
वीडियो बनाकर रील के रूप में पोस्ट करने की थी तैयारी
पेट्रोल की गंध से समझ गया साजिश
जागरण संवाददाता, कोलकाता। इंटरनेट पर रील बनाने की सनक में गरफा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ बर्बरता की गई। आरोप है कि इलाके के कुछ युवकों ने पहले उसे हेलमेट पहनाकर उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी। इसके बाद एक के बाद एक 10-12 थप्पड़ मारे और उससे पूछा कि किसने उसे थप्पड़ मारा है।
नाबालिग किसी की पहचान नहीं कर पाया तो उसके साथ और मारपीट की गई। परेशान होकर जब उसने हेलमेट उतार दिया तो आरोपितों ने उसे इसकी सजा देने की बात कही।
जबरन पिलाया पेट्रोल
इसके बाद बाइक से पेट्रोल निकालकर पहले उसे जबरन पिलाने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। जलते कपड़ों के साथ किसी तरह भागकर उसने अपनी जान बचाई। आरोपितों ने पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो भी बनाया था। घटना 27 अक्टूबर की है।
तालाब किनारे बुलाकर शुरू किया अत्याचार
घटना गरफा के हलतू स्थित लेनिननगर इलाके में एक तालाब के किनारे हुई। पीड़ित स्थानीय निवासी है। आरोप है कि घटना के दिन वह काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान अर्घ्य साहा के नेतृत्व में कुछ युवक और किशोर वहां पहुंचे। उसे बुलाकर तालाब किनारे सीमेंट की बेंच पर बैठाया गया।
इसके बाद खेल के नाम पर उसके सिर पर हेलमेट पहनाकर आंखों पर पट्टी बांध दी गई। फिर बारी-बारी से थप्पड़ मारकर हमलावरों की पहचान करने को कहा गया। करीब 10-12 थप्पड़ खाने के बाद भी वह किसी को पहचान नहीं पाया। इससे आरोपित नाराज हो गए और उसके साथ मारपीट तेज कर दी।
पेट्रोल की गंध से समझ गया साजिश
आरोप है कि मुख्य आरोपित अर्घ्य ने अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर एक छोटे पात्र में रखा। इसके बाद हेलमेट और आंखों की पट्टी हटाने की सजा देने के नाम पर उसे जबरन पेट्रोल पिलाने की कोशिश की गई। पेट्रोल की गंध महसूस होते ही पीड़ित ने हाथ से उसे हटा दिया। इसके बाद आरोपित ने उसके शरीर पर पेट्रोल डाल दिया। वहां मौजूद एक नाबालिग से माचिस लेकर जलती तीली उसकी ओर फेंकी गई। इससे उसके कपड़ों में आग लग गई।
जलते कपड़े उतारकर बचाई जान
शरीर में आग लगते ही पीड़ित जान बचाने के लिए दौड़ पड़ा। किसी तरह उसने अपने जलते कपड़े उतारे। उसे आग से झुलसी हालत में देखकर स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और उसके परिवार को सूचना दी। गरफा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। शरीर का कुछ हिस्सा जलने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
500 रुपये के विवाद की भी बात आई सामने
पीड़ित ने आरोप लगाया कि करीब छह महीने पहले आरोपितों में से एक को उससे 500 रुपये लेने थे। उसका आरोप है कि वह रकम लौटा चुका था, लेकिन इसके बावजूद आरोपित उससे पुरानी रंजिश रखे हुए थे। पुलिस इस विवाद को भी घटना की वजह मानकर जांच कर रही है।
वीडियो बनाकर रील के रूप में पोस्ट करने की थी तैयारी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपित इंटरनेट पर रील बनाकर पोस्ट करते थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने नाबालिग के साथ हुई पूरी घटना का वीडियो बनाया था। आरोप है कि पीड़ित को पहले से यह भी सिखाया गया था कि पुलिस पूछताछ करे तो वह कहे कि यह सब रील बनाने के लिए उसकी सहमति से किया गया था और किसी ने उसके साथ मारपीट नहीं की।
परिवार ने दर्ज कराई शिकायत
परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपित अर्घ्य साहा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस वीडियो और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।