कोलकाता पुलिस होगी हाईटेक, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय बलों जैसी तैयारी पर जोर; बनी विशेष समिति
कोलकाता पुलिस को दिल्ली पुलिस और केंद्रीय बलों के स्तर पर आधुनिक बनाने के लिए एक पांच सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया गया है। यह समिति कानून-व्यवस्था ...और पढ़ें
-1779983164466_m.webp)
हिंसक हालात से निपटने के लिए कोलकाता पुलिस का बड़ा कदम बनी विशेष समिति (फाइल फोटो)
HighLights
पुलिस को दिल्ली पुलिस के स्तर पर आधुनिक बनाने की पहल।
पांच सदस्यीय विशेष समिति का गठन, आईपीएस नीलांजन विश्वास करेंगे अगुवाई।
समिति गैर-घातक हथियारों, उपकरणों की उपलब्धता और गुणवत्ता जांचेगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता पुलिस को दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के स्तर तक आधुनिक बनाने की दिशा में लालबाजार(पुलिस मुख्यालय) ने बड़ा कदम उठाया है।
पुलिस आयुक्त अजय नंद ने पांच सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया है, जिसकी अगुवाई संयुक्त आयुक्त (संगठन) आइपीएस नीलांजन विश्वास करेंगे। यह समिति शहर में कानून-व्यवस्था और संभावित हिंसक स्थितियों से निपटने के लिए पुलिस की मौजूदा तैयारी का विस्तृत आकलन करेगी।
निर्देश के अनुसार समिति को हेलमेट, ढाल, लाठी, बाडी आर्मर, रबर बुलेट, आंसू गैस और अन्य गैर-घातक हथियारों की उपलब्धता और गुणवत्ता की जांच करनी होगी। जल तोप जैसे उपकरणों की स्थिति भी परखी जाएगी। साथ ही दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य केंद्रीय बलों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे आधुनिक उपकरणों से तुलना कर कमियों की रिपोर्ट तैयार करनी होगी।
क्या है समिति की रिपोर्ट?
पुलिस मुख्यालय ने हालांकि इस पहल के पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन सूत्रों का मानना है कि हाल में पार्क सर्कस इलाके में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध के दौरान भड़की हिंसा ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। उस दौरान पुलिस पर पथराव हुआ था और हालात संभालने के लिए केंद्रीय बलों की मदद लेनी पड़ी थी।
इसी अनुभव के बाद अब लालबाजार भविष्य में किसी भी बड़े विरोध प्रदर्शन या शहरी अशांति से निपटने के लिए अपनी तैयारियों को और मजबूत करना चाहता है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस बल के आधुनिकीकरण की अगली रणनीति तय की जाएगी।