यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'संदेशखाली में ममता बनर्जी ने वोट की खातिर महिलाओं पर होने दिया अत्याचार', इस्लामपुर में बंगाल सरकार पर अमित शाह ने साधा निशाना
अमित शाह ने लोगों से कहा कि भाजपा को 35 सीटें दिला दीजिए हम बंगाल को घुसपैठ से मुक्त करा ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, इस्लामपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को ममता सरकार पर खूब बरसे। कहा कि बंगाल में एसएससी घोटाले में हाई कोर्ट ने लगभग 26 हजार शिक्षकों को नौकरी से बर्खास्त किए जाने के फैसले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यहां 15-15 लाख रुपए में नौकरियां खरीदी गईं। भला गरीब के बच्चे नौकरी के लिए 15 लाख कहां से लायेंगे? इसका मतलब उन्हें नौकरी नहीं मिलेगी।
बंगाल में भ्रष्टाचार मामले में ममता सरकार के मंत्री जेल में हैं, लेकिन उन्हें बर्खास्त नहीं किया जा रहा है। संदेशखाली में ममता बनर्जी ने वोट बैंक की खातिर वहां की महिलाओं पर अत्याचार होने दिया। अदालत के हस्तक्षेप से ममता के चहेते आज जेल के अंदर हैं। केंद्रीय गृह मंत्री रायगंज संसदीय क्षेत्र के करणदिघी विधानसभा क्षेत्र के रसाखोआ में भाजपा प्रत्याशी कार्तिक चंद्र पाल के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। जनसभा से पहले उन्होंने मालदा में रोड शो किया। दक्षिण मालदा से भाजपा उम्मीदवार श्रीरूपा मित्रा चौधरी उनके साथ थीं।
शाह तृणमूल कांग्रेस के साथ वाम-कांग्रेस पर भी बरसे। लोगों से कहा कि भाजपा को 35 सीटें दिला दीजिए हम बंगाल को घुसपैठ से मुक्त करा देंगे। आपने यहां भाजपा को 18 सीट दी तो राम मंदिर का निर्माण हुआ। तृणमूल सुप्रीमो पर निशाना साधते हुए बोले कि ममता जी बंगाल के लोग जागरूक हो गये हैं। भाजपा अबकी बार 35 सीटें जीतेगी और राज्य में सत्ता में आई तो कटमनी की संस्कृति खत्म हो जायेगी।
सीएए का ममता बनर्जी विरोध करती हैं। कांग्रेस कहती हैं कि सरकार में आने पर सीएए वापस लेगी, लेकिन सच यह है कि कांग्रेस और तृणमूल में सीएए को रोकने की हिम्मत नहीं है। आरोप लगाया कि ममता सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंगाल में लांच नहीं होने देती है। तृणमूल को डर है कि अगर केंद्र की योजना बंगाल में लागू हुई तो लोग मोदी का समर्थन करने लगेंगे।