Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'नौकरी गई तो हम देंगे काम'; आई-पैक विवाद पर बोली ममता बनर्जी

    Updated: Sun, 19 Apr 2026 04:12 PM (IST)

    ममता बनर्जी ने हुगली और पूर्व बर्द्धमान में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए आई-पैक का बचाव किया। उन्होंने भाजपा पर आई-पैक के खिलाफ साजिश रचने का आरोप ...और पढ़ें

    HighLights

    1. आई-पैक युवाओं को नौकरी देने का ममता बनर्जी का स्पष्ट वादा

    2. भाजपा पर टीएमसी सहयोगियों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप

    3. निर्मला सीतारमण के 'मातृशक्ति कार्ड' पर एफआईआर का निर्देश

    राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने रविवार को हुगली के तारकेश्वर व पूर्व बर्द्धमान जिले में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए चुनावी रणनीतिकार संस्था आई-पैक को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि आई-पैक के खिलाफ रची जा रही साजिशों को वह सफल नहीं होने देंगी।

    ममता ने घोषणा की कि यदि आई-पैक के युवाओं को डराया गया या उनकी नौकरी पर आंच आई, तो उनकी सरकार और तृणमूल कांग्रेस उन्हें रोजगार देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर उनकी सुबह ही अभिषेक से विस्तार से चर्चा हो चुकी है और वे किसी भी युवा को बेरोजगार नहीं होने देंगे।

    जानबूझकर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों को बनाया जा रहा है निशाना

    ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जानबूझकर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों और सहयोगियों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पचास एजेंसियां हो सकती हैं, हमारे पास केवल एक एजेंसी है और जनता की शक्ति है।

    हमारे करीबियों और कार्यकर्ताओं के घर ईडी की छापेमारी कराई जा रही है। यहां तक कि मेरे आयकर सलाहकार और सुरक्षाकर्मियों के घरों को भी नहीं बख्शा गया। क्या वे मेरी हत्या करना चाहते हैं? वे माकपा के पुराने 'कचरे' के साथ मिलकर बंगाल को डराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बंगाल झुकेगा नहीं।

    खबरें और भी

    ममता ने की सिंगुर आंदोलन का जिक्र 

    रेलवे के विकास और सिंगुर आंदोलन का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि आज जो लोग विकास की बात कर रहे हैं, उन्हें दिल्ली मेट्रो, मुंबई रेल विकास कार्पोरेशन और एंटी-कोलिशन डिवाइस जैसी परियोजनाओं में मेरा योगदान याद रखना चाहिए।

    उन्होंने आरोप लगाया कि सिंगुर में किसानों की जमीन छीनने वाले मुख्य किरदार को आज बंगाल में चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है, जो पर्यवेक्षकों को तृणमूल कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाने के निर्देश दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण बिल, डिलिमिटेशन और आलू किसानों के लिए फसल बीमा जैसे मुद्दों पर भी केंद्र को घेरा और जनता से भाजपा को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

    निर्मला सीतारमण के खिलाफ एफआईआर का निर्देश

    कालना की सभा में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बांटे गए ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताया। ममता ने इसे एक 'धोखा' करार देते हुए दावा किया कि इसके जरिए लोगों के बैंक खातों की जानकारी ली जा रही है ताकि उनके 'लक्ष्मी भंडार' के पैसे लूटे जा सकें। उन्होंने स्थानीय नेतृत्व को इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।