बंगाल: बीरभूम में तारापीठ मंदिर के पास होटल में भीषण आग, 7 तीर्थयात्रियों की मौत
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में एक होटल में भीषण आग लगने से 7 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
HighLights
पश्चिम बंगाल के तारापीठ में होटल में भीषण आग
हादसे में 7 तीर्थयात्रियों की दुखद मौत, कई घायल
तड़के सुबह लगी आग पर दमकल ने पाया काबू
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तारापीठ मंदिर के पास स्थित एक होटल में आज तड़के भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 6 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में एक होटल में आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि बीरभूम के तारापीठ में चार मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 5 बजे आग लगी, इस दौरान होटल के अंदर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सो रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के सूत्रों ने शुरू में कहा था कि आग में पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, बाद में पुलिस ने मरने वालों की संख्या सात बताई।
सावन सोमवार के चलते बड़ी संख्या में पहुंचे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, सोवन सोमवार के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु तारापीठ मंदिर पहुंचे थे। सोमवार के चलते होटल श्रद्धालुओं से भरा हुआ था।। सुबह के वक्त जब वो गहरी नींद में सो रहे थे, उसी वक्त होटल में आग लग गई, जिससे श्रद्धालुओं को भागने का मौका नहीं मिल पाया।
-1786938113027.webp)
तारापीठ थाने से महज कुछ ही दूरी पर स्थित 'होटल बिदेशिनी' में सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शार्ट सर्किट होने के बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग और धुएं से पांच मंजिला पूरी इमारत को चपेट में आ गई।
मुख्य प्रवेश द्वार और रिसेप्शन क्षेत्र में आग की लपटें होने के कारण लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं खोज पाए और अंदर ही फंस गए।
मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी
उत्तर 24 परगना, मालदा और अलीपुरद्वार से आए कई परिवार इस दर्दनाक घटना का शिकार बने। पुलिस और अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजे तोड़कर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
लोगों को बचाने की कोशिशें अभी भी जारी हैं। सभी को रामपुरहाट अस्पताल भेज दिया गया है। अब तक 11-12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम अभी और कोई जानकारी नहीं दे सकते। - बीरभूम ASP नीलेश श्रीकांत गाइकर

