विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नंदीग्राम में गरमाई राजनीति, बीजेपी उम्मीदवार के चुनावी हलफनामे पर कांग्रेस का हमला, बीजेपी ने आरोप किए खारिज

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:56 PM (IST)

नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ के चुनावी हलफनामे में उम्र और शैक्षणिक योग्यता को लेकर कांग्रेस ने सवाल ...और पढ़ें

कांग्रेस ने नंदीग्राम भाजपा प्रत्याशी के हलफनामे पर सवाल उठाए

कांग्रेस ने नंदीग्राम भाजपा प्रत्याशी के हलफनामे पर सवाल उठाए

राज्य ब्यूरो,कोलकाता। नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ के चुनावी हलफनामे में उम्र और शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मामले की पूरी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। भाजपा ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे कांग्रेस का विफल प्रयास बताया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने मंगलवार को कहा कि हलफनामे में हासिरानी की उम्र 60 वर्ष बताई गई है, जबकि माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण करने का वर्ष 1965 दर्ज है। कांग्रेस ने दोनों जानकारियों में तालमेल नहीं होने का दावा करते हुए संबंधित दस्तावेजों की जांच की मांग की है।

कांग्रेस ने हलफनामे में माध्यमिक उत्तीर्ण करने के लिए चौखाली गंगा पद्मा मिलन कन्या विद्यापीठ का नाम दिए जाने पर भी सवाल उठाया है। पार्टी ने स्कूल में दसवीं कक्षा की मान्यता और उस समय माध्यमिक परीक्षा में बैठने की व्यवस्था को लेकर जानकारी मांगी है।

भाजपा ने जन्म प्रमाणपत्र किया सार्वजनिक

भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हलफनामे में वर्ष दर्ज करने में मुद्रण संबंधी त्रुटि हुई है। पार्टी के अनुसार हासिरानी वर्ष 1980 में दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं। भाजपा ने उनके जन्म प्रमाणपत्र को भी सार्वजनिक किया है, जिसमें जन्मतिथि आठ जून 1965 दर्ज है।

हासिरानी के चुनावी कार्यालय के अनुसार उन्होंने इसी विद्यालय से दसवीं की परीक्षा दी थी। उस समय बंगाल में माध्यमिक परीक्षा शुरू नहीं हुई थी और स्कूल को माध्यमिक स्तर की मान्यता भी नहीं थी। इसलिए हलफनामे में उन्हें दसवीं कक्षा उत्तीर्ण बताया गया है। कार्यालय ने दावा किया कि हलफनामे में दी गई जानकारी स्कूल से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर दर्ज की गई और इसमें कोई असत्यता नहीं है।

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगालः भाजपा उम्मीदवार हासिरानी रथ ने नंदीग्राम में डेढ़ लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीतने का दावा किया