Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'TMC घुसपैठियों की सरकार बनाना चाहती है, उनका एजेंडा बहुत खतरनाक', पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में बोले पीएम मोदी

    Updated: Sun, 19 Apr 2026 05:10 PM (GMT+05:30)

    प्रधानमंत्री मोदी ने झाड़ग्राम में टीएमसी पर घुसपैठियों का एजेंडा चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टीएमसी बंगाल की पहचान मिटा रही है और घुसपैठियों ...और पढ़ें

    HighLights

    1. टीएमसी घुसपैठियों के एजेंडे पर चल रही है: पीएम मोदी।

    2. आदिवासी भूमि पर टीएमसी सिंडिकेट का अवैध कब्जा।

    3. बंगाल में बिजली लूट, पीएम सूर्यघर योजना बाधित।

    राजीव कुमार झा, कोलकाता। बंगाल के चुनावी रण में रविवार को उतरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झाड़ग्राम में तीसरी चुनावी रैली में घुसपैठ के मुद्दे पर टीएमसी सरकार पर बरसते हुए कहा कि आज बंगाल पर उसकी पहचान खोने का खतरा मंडरा रहा है।

    मोदी ने कहा कि यहां टीएमसी जिस रास्ते पर चल रही है उसका एजेंडा बहुत खतरनाक है। टीएमसी घुसपैठियों के लिए, घुसपैठियों की सरकार बनाना चाहती है। ऐसी सरकार जो सिर्फ घुसपैठियों के मजहब, घुसपैठियों की भाषा और घुसपैठियों के तौर-तरीकों की रक्षा करेगी।

    मोदी ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि अगर घुसपैठियों की सरकार बन गई तो यहां की जनता उसकी सबसे बड़ी दुश्मन होगी। मोदी ने कहा कि बंगाल का ये चुनाव इस धरती की समृद्ध विरासत व राज्य की पहचान को बचाने के लिए है।

    आदिवासियों की सैकड़ों एकड़ भूमि पर कब्जा

    आदिवासी बहुल इस क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, 'टीएमसी की निर्मम सरकार को आपने 15 साल दिए, 15 साल कम समय नहीं होता। 15 साल में निर्मम सरकार ने आपको क्या दिया? आदिवासी क्षेत्रों को क्या मिला? न पढ़ाई, न कमाई, न दवाई और न सिंचाई। यहां सब कुछ बेहाल है। ये लोग अपनी तिजोरियां भरने में लगे हैं।'

    खबरें और भी

    पीएम ने आरोप लगाया, 'यहां आदिवासियों की सैकड़ों एकड़ भूमि पर टीएमसी के सिंडिकेट ने कब्जा कर रखा है।'

    पीएम मोदी ने कहा, 'इस क्षेत्र में एक बार बिजली जाने पर कई दिन बाद बिजली आती है। बिना बिजली का बिल आता है। मामूली नहीं भारी भरकम बिल आता है। टीएमसी के सिंडिकेट में बिजली कारखाने को तबाह कर दिया है। जनता अंधेरे में है और टीएमसी नेताओं के बंगले चकाचक चमक रहे हैं। निर्मम सरकार को जनता की कोई परवाह नहीं है।'

    'टीएमसी बिजली की लूट में भी लगी है'

    पीएम ने आरोप लगाया, 'एक तरफ टीएमसी बिजली की भी लूट में लगी है, वहीं मोदी आपका बिजली बिल जीरो करने में जुटा है। आपको बिजली देने और बिजली बिल जीरो करने की योजना लागू कर दी है, उस योजना का नाम है पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना। इसके तहत एक परिवार को लगभग 80 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। लेकिन यह दुर्भाग्य है कि टीएमसी इस योजना को बंगाल में सही से लागू नहीं होने देती है।'

    पीएम मोदी ने कहा, 'दिल्ली में आपने पीएम बनाया है, यहां भी भाजपा का सीएम बनाइए। मैं आपको गारंटी देता हूं, यहां बिजली भी पर्याप्त आएगी और महंगे बिल से भी मुक्ति मिलेगी।'

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'यह हमारा संकल्प है कि यहां के कोयले को लूटने वालों को, आपको अंधेरे में रखने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। चुन- चुन करके लुटेरों का हिसाब किया जाएगा। ये टीएमसी में सबका नंबर लगेगा। यह मोदी की गारंटी है। टीएमसी का मंत्री हो या संत्री जो भी लूट में शामिल है सबका हिसाब होगा।'

    यह भी पढ़ें- 'बंगाल में युद्ध की गाड़ियां लाए हैं, हम लोकतंत्र से देंगे जवाब', ममता बनर्जी ने BJP पर साधा निशाना